प्लास्टिक वेस्ट से बनेंगी जिले की दो सड़कें
जागरण संवाददाता कानपुर देहात जनपदवासियों को बेहतर यातायात व्यवस्था देने के लिए रसूलाबाद
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : जनपदवासियों को बेहतर यातायात व्यवस्था देने के लिए रसूलाबाद व सरवनखेड़ा की दो सड़कें प्लास्टिक वेस्ट से बनाई जाएंगी। 2.45 करोड़ की लागत से बनने वाली 22 किमी लंबी प्लास्टिक सड़क पर बारिश व पानी का प्रभाव कम होने से यह टिकाऊ होंगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से जल्द ही टेंडर प्रक्रिया सहित अन्य औपचारिकता पूर्ण करने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।
सड़क के माध्यम से ही विकास का पहिया रफ्तार पकड़ता है। इसे प्रमुखता से रखते हुए ही सरकार ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान चलाया था। योजना के तहत लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले में नई सड़कों के निर्माण के साथ ही मरम्मत कार्य भी किया गया। वहीं बारिश के दौरान जिले की रूरा-मिडाकुआं मार्ग, बनीपारा-कहिजरी मार्ग, रूरा-शिवली मार्ग ही नहीं बल्कि अन्य सड़कें भी खराब हो गई। सरकार की ओर से अब प्लास्टिक वेस्ट से सड़कों का निर्माण कराने की योजना बनाई गई है। दसके तहत जिले में दो सड़कों का चयन किया गया है। शासन के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग की ओर से रसूलाबाद में 10 किमी लंबी पश्चिमी इलाहाबाद शाखा नहर सेवा मार्ग प्लास्टिक वेस्ट से बनाई जाएगी, जिसकी लागत 1.04 करोड़ रुपये तय की गई है। वहीं सरवनखेड़ा ब्लॉक में 11 किमी लंबे रायपुर गजनेर मार्ग का निर्माण भी प्लास्टिक वेस्ट से किया जाएगा। इसके लिए 1.40 करोड़ रुपये की राशि तय की गई है। जिले के दोनों ब्लॉक में 2.45 करोड़ रुपये की लागत से 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। तारकोल में प्लास्टिक मिलाने से रहेगी टिकाऊ
जिले में प्लास्टिक वेस्ट से बनने वाली 22 किमी सड़कें टिकाऊ होगी, क्योंकि इनमें तारकोल में प्लास्टिक को मिश्रित किया जाएगा। इससे बारिश व पानी का प्रभाव इन पर कम होगा। क्योंकि अब तक बनने वाली सड़कों में बारिश व जलभराव होने से वह जल्दी उखड़ने लगती थी।
2.45 करोड़ की दो सड़कें प्लास्टिक वेस्ट से बनाई जाएंगी। इसके लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। स्वीकृत मिलते ही निर्माण शुरू किया जाएगा।
- भगवान दास, अधिशासी अधिकारी लोक निर्माण विभाग