गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहरा किया बलिदानियों को याद
जागरण संवाददाता कानपुर देहात गणतंत्र दिवस पर बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम जेपी सिंह ने
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : गणतंत्र दिवस पर बुधवार को कलेक्ट्रेट में डीएम जेपी सिंह ने ध्वजारोहण कर बलिदानियों को याद किया। इसके साथ ही संविधान की प्रस्तावना का पाठन कर समानता का संदेश दिया। स्वतंत्रता सेनानियों के स्वजन को सम्मानित किया गया। वहीं जनपद न्यायालय में जिला जज अनिल कुमार झा ने ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के बाद डीएम जेपी सिंह ने कहा कि देश को उसकी भौगोलिक सीमाओं के साथ बनाये रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम सबको पूरी निष्ठा के साथ देश की गरिमा एवं प्रतिष्ठा की रक्षा करनी चाहिए। सियाचिन में लगे हुए जवान विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वाहन कहते हैं। हमें भी उसी तत्परता और लगन से अपने दायित्वों का निर्वाह करना चाहिए, जिससे हमारा देश आगे बढ़े और उन्नत के शिखर पर पहुंचे। 1950 से लेकर अब तक प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति हुई है, हमें इस आगे भी जारी रखना है। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी के संदेश को जीवन में उतारने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि जब भी आपको यह लगे कि आप परेशान है और कोई निर्णय नही कर पा रहे है, तो अपनी संकल्पना में उस व्यक्ति को लेकर आए जो समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा है और आपका निर्णय उस व्यक्ति पर क्या असर डालने वाला है। कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए आयोजित कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन गरिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व जगदंबा प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट साक्षी शर्मा, युगांतर त्रिपाठी ने भी विचार व्यक्त किए। वहीं जनपद न्यायालय में जिला जज अनिल कुमार झा ने ध्वजारोहण कर एकता व अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद कर्मचारियों को उन्होंने प्रस्तावना का पाठन कर शपथ दिलाई। इस दौरान पारिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजेश कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवानंद, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव विनय कुमार, बार एसोसिएशन अध्यक्ष संपत लाल यादव मौजूद रहे। वहीं जिला कारागार में ध्वजारोहण के दौरान बलिदानियों को याद किया गया। इस दौरान अधीक्षक राजेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी जेलर कुश कुमार मौजूद रहे।