टीम ने संकलित किए 11 खाद्य वस्तुएं के नमूने
जागरण संवाददाता कानपुर देहात त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग की ओर से गुरुवार को जि
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : त्योहारों को देखते हुए खाद्य विभाग की ओर से गुरुवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर खाद्य विभाग की ओर से अभियान चलाया गया। इस दौरान साबूदाना, मखाना, किशमिश, खोया सहित अन्य खाद्य वस्तुओं के 11 नमूने संकलित किए गए। वहीं प्रतिष्ठान में अव्यवस्था व सफाई का अभाव मिलने पर संचालकों को चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से गुरुवार को अकबरपुर कस्बे में एसडीएम आनंद कुमार सिंह व खाद्य सुरक्षाधिकारी रुचि बाजपेयी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इसमें रूरा चौराहा स्थित श्री राम शाहू के प्रतिष्ठान से काजू व साबूदाना का नमूना संकलित किया गया। राजेश मिश्रा के प्रतिष्ठान से खोया व अपमिश्रक के साथ ही दिलीप प्रोविजन स्टोर से मखाने का नमूना लिया गया। वहीं भोगनीपुर में खाद्य सुरक्षाधिकारी सुमांशू सचान व धीरज दीक्षित के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत पुखरायां निवासी दिनेश चंद्र के यहां से काजू, सिघाड़े का आटा व मुकेश कुमार के यहां से साबूदाना का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं मैथा तहसील में एसडीएम आरसी यादव व खाद्य सुरक्षाधिकारी अनुराग सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान मिल्क केक, बेसन लड्डू व मखाने के नमूने लिए गए। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में अव्यवस्था व सफाई का अभाव मिलने पर संचालकों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। जांच रिपोर्ट में दो नमूने निकले अधोमानक
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से फरवरी में अकबरपुर के कालीगंज मोहल्ले स्थित प्रतिष्ठान से सरसों तेल का नमूना लिया गया था। प्रारंभिक जांच में ही मिलावट की पुष्टि होने पर विभाग ने संकलित नमूने को जांच के लिए भेजा था। प्रयोगशाला से आई जांच में नमूना अधोमानक निकला है। वहीं रसूलाबाद क्षेत्र के असालतगंज में आदर्श किराना स्टोर से बेसन लड्डू का नमूना लिया गया था, जो अधोमानक निकला है। अब विभाग की ओर से प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।