..बृज में होरी खेलत नंद लाला
जागरण संवाददाता कानपुर देहात रंगों के त्योहार होली के मौके पर गांवों का माहौल खासा
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: रंगों के त्योहार होली के मौके पर गांवों का माहौल खासा रंगीन रहा। फाग गायकों की टोलियां घूम-घूमकर ढोलक मजीरे व झींके बजाकर बृज में होरी खेलत नंदलाल, कैसी होली श्याम मचाये रे, नाचे ब्रज के ग्वाल गोपिया, मुझे ला दे गुलाबी चुनरिया आदि गीतों पर थिरकती नजर आयीं। वहीं प्रमुख मंदिरों व आश्रमों में भी फाग गायन की धूम रही।
होली के मौके पर फागों की गांवों में बहार दिखती है। फाग के लिए मशहूर बुंदेलखंड की सीमा से जुड़े यमुना बीहड बेल्ट के गांवों में गुरुवार से ही फाग गायकों की जमातें ढोलक मजीरों व झींकों की थाप पर फगुना तोरी अजब बहार गोरी मचल रही नैहर मा के अलावा सांझ भए दिन चले भवन का बदरा जोर करे है, आदि होली गीतों की धुनों पर थिरकते दिखने लगे। अकबरपुर ब्लाक के धरऊ गांव में में फाग टोली ने जहां सांझ भए दिन चले भवन का बदरा जोर करे हैं। ..बृज में होरी खेलत नंदलाल आदि होली गीतों से फागुनी रंग जमाया। रसूलाबाद के धर्मगढ़ मंदिर में गायकों ने कैलाशा से चले महादेव नंद गांव तक आए व ब्रज में श्याम मचाई होरी आदि फागें गाकर माहौल को भक्तिमय बनाया। हनुमानगढ़ी आश्रम कडरी में फाग गायकों की टोली ने ढोलक मजीरे व झींको के बीच उड़त अबीर गुलाल बिरज मां होली खेलैं नंदलाल तथा होली खेलैं रघुवीरा अवध मां होली खेलैं फाग गाकर माहौल बनाया।