दो दिन से लापता वृद्ध का कुएं में मिला शव
संवाद सहयोगी सिकंदरा दो दिन से लापता वृद्ध का शव गांव के तालाब किनारे बने एक कुएं में पड़
संवाद सहयोगी, सिकंदरा: दो दिन से लापता वृद्ध का शव गांव के तालाब किनारे बने एक कुएं में पड़ा मिला। जानकारी पर वहां गांव वालों का मजमा लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल तथा ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला जा सका। परिजनों के अनुसार बुजुर्ग का मानसिक संतुलन एक साल से सही नहीं था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सट्टी थाने के नौबादपुर गांव निवासी 65 वर्षीय मोहनलाल यादव की पत्नी राजरानी ने बताया कि दो दिन पहले उनके पति खेतों की तरफ निकले थे। देर शाम तक वह नहीं लौटे तो चिता हुई। खोजबीन पर भी नहीं मिले तो रिश्तेदारी में भी पता किया। बताया कि एक साल से उनका दिमागी संतुलन सही नहीं था। बात-बात पर झगड़ जाते थे। कुछ समय से घर में न रह कर पास में बने दूसरे मकान में रहते थे। वहीं खाना खाते थे। बुधवार सबेरे गांव के किनारे बने तालाब के पास कुछ लोगों को बदबू का एहसास हुआ। लोगों ने खोजबीन की तो कुएं के अंदर शव उतराता दिखा। इसकी सूचना फैलते ही वहां भीड़ लग गई। सूचना पर
थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे। दमकल टीम को सूचना दी गई। टीम के आने पर गांव वालों की मदद से शव रस्सी के सहारे बाहर निकाला गया।
इंसेट) दोनों बच्चे रहते हैं बाहर
मोहनलाल के एक पुत्र, एक पुत्री है। पुत्र इंद्रपाल शिक्षक हैं जो कि मौजूदा समय में गोरखपुर में तैनात है। पुत्री कमलेश कुमारी पुलिस में सिपाही पद पर फतेहपुर जिला के खागा में तैनात है। वृद्ध की पत्नी ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश भी नहीं है। पति 25 मार्च की शाम से घर से लापता थे। पुत्र की शादी हो चुकी है, वह गोरखपुर में परिवार सहित रहता है।
थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बताया कि परिजनों की फौती सूचना पर मामले की छानबीन की जा रही है।