मंडलायुक्त व आइजी ने धान खरीद केंद्र का किया औचक निरीक्षण
संवाद सूत्र रनियां जिले में 15 अक्टूबर से शुरू हुई धान खरीद की स्थितियों का जायजा लेने के
संवाद सूत्र, रनियां : जिले में 15 अक्टूबर से शुरू हुई धान खरीद की स्थितियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को मंडलायुक्त राजशेखर व आइजी मोहित अग्रवाल ने रनियां कस्बा स्थिति धान खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण किया। कोरोना संक्रमण से बचाव के तय मानक को साथ ही बारदाना, मजदूर सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा। वहीं केंद्र पर मौजूद किसानों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण के निर्देश दिए।
धान क्रय केंद्र पर मौजूद किसान धर्मेंद्र, धर्मवीर, अरुण, राहुल, प्रशांत, अखिलेश ने बताया कि केंद्र पर अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ता। केंद्र प्रभारी कमी निकाल कर बार बार चक्कर कटवाते हैं। वहीं बिक्री के बाद भुगतान की समस्या भी होती है। इस दौरान उन्होंने करीब 20 मिनट किसानों से बात कर उनकी समस्याओं को सुना। इस पर उन्होंने मौजूद अधिकारियों को समस्या निस्तारण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को बिक्री के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि किसानों हार्वेस्टर से कटा हुआ धान लाते हैं। नमी अधिक होने के कारण समस्या होती है। उन्होंने बताया कि अब तक 67 किसानों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने किसानों से कहा कि बिक्री के लिए धान को साफ व सुखा कर लाए, जिससे केंद्र प्रभारी को भी समस्या न हो। वहीं भुगतान के साथ ही अन्य समस्याओं को लेकर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।