पराली जलने की सूचना नहीं देने पर लेखपाल निलंबित
तीन राजस्व निरीक्षक समेत कई लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि 13 किसान शांतिभंग में पाबंद दो गिरफ्तार किए गए
जागरण टीम, कानपुर देहात : पराली जलाए जाने की सूचना देने में लापरवाही करने पर मंगलवार को अकबरपुर तहसील के एक लेखपाल को निलंबित कर दिया गया, जबकि तीन राजस्व निरीक्षक समेत कई लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। उधर, 13 किसानों पर शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया।
शासन द्वारा सेटेलाइट के जरिये अक्षांश व देशांतर स्थिति के अनुसार पराली जलाने के स्थल चिह्नित किए गए हैं। मगर, संबंधित क्षेत्र के लेखपाल सूचना देने से बच रहे हैं। इसी को लेकर कार्रवाई की गई है। मंगलवार को अकबरपुर में रूरा रोड पर पराली जलाने से रोकने पर किसान विवाद करने लगे। पुलिस बल के साथ एसडीएम आनंद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खरका निवासी लाखन सिंह व अकबरपुर निवासी अजीज को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। एसडीएम ने लेखपाल श्रवण कुमार को निलंबित कर दिया, वहीं पांच लेखपालों व दो राजस्व निरीक्षकों को चेतावनी दी। उधर, डेरापुर में एसडीएम ने तीन लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति के साथ पांच को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। राजस्व निरीक्षक दिनेश कुमार पर कार्रवाई की संस्तुति व राजस्व निरीक्षक रमेशचंद्र को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। सिकंदरा में दो लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है, जबकि एक राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस दिया गया। यहां पराली जलाने वाले छह किसानों को शांतिभंग में पाबंद किया गया है। भोगनीपुर में लेवामऊ की लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि मिली, जबकि राजस्व निरीक्षक को कठोर चेतावनी दी गई है। रसूलाबाद में तीन लेखपाल व दो राजस्व निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। यहां पांच किसानों को शांतिभंग में पाबंद किया गया है।