लट्ठधारी महिलाओं को देख थमा यातायात
संवाद सहयोगी, रसूलाबाद: भारतीय किसान यूनियन के चक्का जाम के पूर्व घोषित एवं प्रसारित कार्यक्रम
संवाद सहयोगी, रसूलाबाद: भारतीय किसान यूनियन के चक्का जाम के पूर्व घोषित एवं प्रसारित कार्यक्रम के बावजूद प्रशासन की उदासीनता के चलते पूरा कस्बा लगभग एक घंटे चले जाम से हांफ गया। इससे लोग परेशान हुए। अपने गंतव्यों को जाने के लिए बाइक से जा रही महिलाएं व उनके परिजनों को गली कूचों में घुसकर बाहर निकलने की राह तलाशनी पड़ी। इस दौरान सर्वाधिक परेशानी महिलाओं व बच्चों को झेलनी पड़ी।
जाम से कानपुर रोड, बेला रोड, बिल्हौर रोड, लहरापुर रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। भारतीय किसान यूनियन के लट्ठधारी किसानों व महिला कार्यकर्ताओं के चलते किसी ने इसे तोड़ने का साहस नहीं किया। जिसके चलते आवश्यक कामों से घर से निकले बाइक सवारों को कस्बे की विभिन्न मार्गों की लंबी दौड़ लगानी पड़ी। बताते चलें की रसूलाबाद चौराहे से चारों मार्गों को जाम करने की पूर्व घोषणा भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के लोगों ने पहले ही कर दी थी। इस आशय के पर्चे भी वितरित करवाए थे। भाकियू के जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने मांगों को 21 दिसंबर तक पूरी न किए जाने
पर चक्का जाम किए जाने की सूचना तहसील प्रशासन से जिला प्रशासन तक को दे दी थी। इसके बावजूद भी तहसील प्रशासन ने उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया। जाम लगाने के बाद भी मौके पर आने से कतराते रहे। जिससे जाम देर तक चला।
इस दौरान बेला की ओर जाने वाले बाइक सवारों ने कस्बे के सुभाष नगर से होकर यादव नगर होते हुए भैंसायां मार्ग से बेला रोड तक पहुंचने का लगभग पांच किलोमीटर का चक्कर लगाया। वहीं कानपुर जाने वाले बाइक सवारों ने कस्बे के ही थाना तहसील रोड होकर रहीम नगर से होते हुए सरकारी गेस्ट हाउस तक जाने वाले मार्ग का चार किलोमीटर का चक्कर काटकर कानपुर रोड की राह पकड़ी। जबकि लहरापुर जाने वाले लोग थाना परिसर से होकर कबीर नगर होते हुए लहरापुर रोड तक पहुंचे। वहीं बिल्हौर रोड वालों ने भी कबीर नगर थाना परिसर होते हुए बिल्हौर रोड पकड़ा।