भूखे भजन न होए गोपाला..रसोई में लटका ताला
भूखे भजन न होए गोपाला..रसोई में लटका ताला
संवाद सहयोगी, सिकंदरा : तहसील क्षेत्र के राजपुर ब्लाक के परिषदीय स्कूलों में मिडडे मील व्यवस्था भले ही अधिकारियों की निगाह में ठीक चल रही होगी, लेकिन यहां इसकी मौके की हकीकत जांची गई तो पोल खुल गई।
जागरण टीम ने राजपुर ब्लाक के इन्द्रपुरा प्राथमिक विद्यालय देखा। यहां पंजीकृत 40 छात्रों में 25 को मौजूद मिले। शिक्षामित्रों में बसंती देवी व मांडवी देवी पढ़ा रही थीं। यहां के प्रधानाध्यापक समीर अवस्थी व सहायक शिक्षिका अंजना अनुपस्थिति थीं। ग्रामीणों में राजू सिंह, पिकी देवी ने बताया कि प्रधानाध्यापक व सहायक शिक्षिका बीते दो वर्षों से गायब हैं। यहां मिडडे मील बंद पड़ा था। रसोई घर में ताला बंद था। पढ़ने वाले बच्चों में छवि, हेमलता, रुचि ने बताया कि यहां बीते दो वर्षों से मिडडे मील महीनों में कभी मिलता है। दूध तो वितरित ही नहीं किया जाता है। गनेशपुर के प्राथमिक विद्यालय में कुल पंजीकृत 23 छात्रों में 18 मौजूद थे। यहां तैनात रसोइया भूरी देवी ने मिडडे मील में तहरी बनवाई थी। प्रधानाध्यापक अरुण कुमार यादव तथा सहायक शिक्षक नागेन्द्र दीक्षित मौजूद थे। मड़ियापुर के प्राथमिक विद्यालय में कुल पंजीकृत 52 छात्रों में 40 उपस्थिति मिले। यहां मिडडे मील में बुधवार को तहरी बनी थी। दूध वितरण भी कराया गया था। मौजूद मिले सहायक अध्यापक राजेश कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक महेंद्र सिंह तथा शिक्षिका ज्योतिराय अवकाश पर हैं। बगल में खुला परिषदीय जूनियर में सहायक शिक्षिका सुनीता मिश्रा, शिव महेन्द्र उपस्थिति मिले। पंजीकृत 29 छात्रों में 19 उपस्थिति मिले। मिडडे मील के साथ दूध भी दिया गया। विजहरा के प्राथमिक विद्यालय में पंजीकृत 29 छात्रों में 15 मौजूद मिले। प्रधानाध्यापक कृष्ण स्वरूप सिंह मौजूद थे जबकि शिक्षामित्र सुनील गायब थे। सहायक शिक्षक राकेश कुमार बच्चों को पढ़ा रहे थे। मौजूद शिक्षक ने बताया कि यहां तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापिका अपर्णा सिंह प्रसव अवकाश पर हैं। अनवां गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कुल पंजीकृत 36 छात्रों में 21 छात्र तथा प्रधानाध्यापक क्षितिज कुमार मौजूद मिले। यहां मिडडे मील तो बना था दूध वितरण नहीं किया गया था। खंड शिक्षाधिकारी शिवबोधन वर्मा ने बताया कि बिना सूचना के अनुपस्थिति शिक्षकों के वेतन काटे जाने की कार्रवाई तथा नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।