कान्वेंट को मात दे रहा जोंत का प्राइमरी विद्यालय
संवाद सहयोगी रसूलाबाद (कानपुर देहात) प्राइमरी
संवाद सहयोगी, रसूलाबाद (कानपुर देहात) : प्राइमरी विद्यालय का नाम आते ही टाट-पट्टी और बदहाल हालत में स्कूल की तस्वीर जेहन में आ जाती है, लेकिन अगर आप जोंत संविलियन प्राइमरी विद्यालय को देखेंगे तो आप कान्वेंट विद्यालय को भूल जाएंगे। यहां पर करीब 30 लाख रुपये की लागत से कायाकल्प हुआ है। चमचमाता भवन, सुंदर कक्षा, बढि़या बगीचा व खेल का मैदान जैसी सुविधाओं को वरीयता दी गई है।
पहले इस विद्यालय के हाल बुरे थे। भवन तो पुराना ही था, हरियाली भी नाम मात्र की थी। सीडीओ जोगिदर सिंह ने कायाकल्प योजना के तहत इस विद्यालय को राज्य वित्त आयोग से 30 लाख रुपये का बजट दिलाया। इसके बाद यहां पर करीब दो माह पहले काम शुरू किया गया। ग्राम प्रधान रमा पांडेय, प्रधानाध्यापिका अनीता पांडेय के साथ ही अधिकारियों ने यहां दिन-रात मेहनत की। इसका नतीजा यह रहा कि आज विद्यालय का कायाकल्प लगभग पूरा हो चुका है। यहां शानदार बागीचा, खेल का मैदान, 15 कक्षाओं में टाइल्स, इंटरलॉकिग, ग्रीन बोर्ड, आरओ वाटर कूलर समेत बढि़या भवन बनकर तैयार है। इसे देखने वाले विश्वास ही नहीं कर पाते कि यह कोई प्राइमरी विद्यालय है। यहां पर अब लोग सेल्फी लेने आते हैं। प्रधान रमा पांडेय का कहना है कि यह जिले का सबसे खूबसूरत विद्यालय होगा और लोग इस पर गर्व करेंगे। 185 बच्चे पंजीकृत, पढ़ने में मेधावी
यहां कुल 185 बच्चे पंजीकृत हैं। स्कूल की खूबसूरती तो अब बढ़ गई है। वहीं पढ़ाई में यहां के बच्चे मेधावी हैं। चार्ट, खेल के माध्यम व अन्य रोचक तरीके से पढ़ाया जाता है। सभी बच्चे यहां पर अच्छे अंक से उत्तीर्ण हुए थे। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि हम लोग बच्चों के अभिभावक से संपर्क रखते हैं, जिससे पढ़ाई अच्छे से हो। कायाकल्प के तहत स्कूलों को चमकाया जा रहा है। जोंत गांव का विद्यालय पूरे जिले के लिए मॉडल बनेगा और लोग देखेंगे कि आखिर एक प्राथमिक विद्यालय भी कितना खूबसूरत हो सकता है।
जोगिदर सिंह, सीडीओ