सरकार बनी तो हर परिवार के एक सदस्य को देंगे नौकरी
सरकार बनी तो हर परिवार के एक सदस्य को देंगे नौकरी
संवाद सहयोगी झींझक, (कानपुर देहात): नागरिकता संशोधन कानून की जरूरत नहीं थी। देश की अखंडता के लिए ये ठीक नहीं है। भारत धर्मनिरपेक्ष देश है। आजादी पाने में सभी का योगदान है।
यह बात सोमवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कही। वे बहवलापुर गांव में आयोजित स्वागत सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में यदि प्रसपा की सरकार बनी तो हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देंगे। किसानों को फ्री बिजली दी जाएगी। कहा कि मंत्री रहते हुए सभी जिलों की सड़कों पर काम किया था। नहरों में पानी की कमी नहीं होने दी थी। अब प्रदेश भर के किसानों से सिंचाई के लिए समय से पानी नहीं मिल रहा है। जनपद में परौंख गांव हैं। राष्ट्रपति जी इसी गांव के हैं, लेकिन विकास के नाम पर यहां कुछ नहीं हुआ। बिजली अधिकारी किसानों पर जबरन मुकदमे लिखाकर उत्पीड़न करते हैं। जब मैं मंत्री था तो प्रदेश में किसी का भी उत्पीड़न नहीं हुआ। किसानों को मुफ्त पानी दिया। 44 नई तहसील बनवाई। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जीएसटी और नोटबंदी जैसे निर्णयों से व्यापार चौपट हुआ है। महिलाएं-बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं।
इसके बाद उन्होंने गांव के मंदिर में चल रही दुर्गा प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम आयोजक शिव सागर ने उन्हें 51 किलो फूलों की माला व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम अध्यक्षता रामलखन चौबे ने की। जिलाध्यक्ष राजेश सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख वेदव्यास, शिव सागर, आलोक बाजपेयी, रविंद्र पालीवाल, सत्यवीर यादव ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र यादव, सवेंद्र यादव, अरविंद तेज सिंह मौजूद रहे।