अकबरपुर में संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकी मिली युवती, मौत
एक वर्ष पूर्व हुआ था विवाह पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगा दी तहरीर
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: रामगंज, अकबरपुर में मंगलवार सुबह एक युवती की संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे पर लटकने से मौत हो गई। इटारा, सचेंडी कानपुर नगर से पहुंचे मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगा तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।
रामगंज, अकबरपुर निवासी सत्यनारायण खेती किसानी करता है। उसकी एक वर्ष की पुत्री लाडो है। मंगलवार सुबह उसका पत्नी 22 वर्षीय सपना से विवाद हुआ। इसके बाद सपना कमरे में चली गई। कुछ देर बाद सास सावित्री कमरे में गई तो सपना को फांसी के फंदे पर देख चीख पड़ी। इस पर मोहल्ले के लोग भी एकत्र हो गए। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस पहुंची और शव फंदे से उतरवाया। पुलिस से मिली जानकारी पर इटारा, सचेंडी कानपुर नगर से मायके वाले पहुंचे। दिवंगत सपना के पिता शिवकुमार ने पुलिस को बताया कि 20 नवंबर 2017 को पुत्री का विवाह सत्यनारायण के साथ किया था। चौथी की विदा पर पुत्री ने ससुरालियों के दहेज मांगने की बात बताई थी। आरोप लगाया कि पति, ससुर रामबाबू, सास सावित्री व ननद रेखा व सोनी रंगीन टीवी, सोने की जंजीर, वाशिग मशीन व एक लाख रुपये की मांग कर पुत्री को प्रताड़ित करते थे। उसे कई कई दिन तक भूखा रखते थे और जान से मारने की धमकी देते थे। भाई दूज के एक दिन पूर्व भी उसके साथ मारपीट की थी। मंगलवार को पुत्री की हत्या कर दी। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पिता की ओर से तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।