यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 18, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उल्टी-पेट दर्द से बच्ची व बुखार से बुजुर्ग की मौत
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : जनपद में उमस भरी गर्मी से उल्टी दस्त व बुखार का प्रकोप जानले

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : जनपद में उमस भरी गर्मी से उल्टी दस्त व बुखार का प्रकोप जानलेवा बना हुआ है। सोमवार रात में पेट दर्द व उल्टी से पीड़ित पांच साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि रसूलाबाद में बुखार से पीड़ित बुजर्ग ने दम तोड़ दिया। जिले में बीमारी की चपेट में आकर तीन माह में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
जनपद में उमस भरी गर्मी के साथ ही गंदगी व दूषित पानी के चलते बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। गांवों मे बड़ी संख्या में लोग उल्टी-दस्त, पीलिया, बुखार, चिकन पॉक्स आदि बीमारियों की चपेट में हैं। सोमवार देर रात अस्तिया पुखरायां निवासी मनोज कुमार की पुत्री रिया (5) की पेट दर्द व उल्टियां शुरू होने से हालत बिगड़ गई। रात में परिजन मोहल्ले के निजी डाक्टर के पास ले गए। हालत में सुधार न होने पर मंगलवार सुबह परिजन उसे सीएचसी पुखराया ले गए, जहां डा. अनीता ने परीक्षण के बाद उसको मृत घोषित कर दिया।
बुखार से पीड़ित रसूलाबाद निवासी हरदयाल (65) को पौत्र शनी उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया। यहां इलाज के दौरान मंगलवार देर शाम उनकी भी मौत हो गई। जिला संक्रामक रोग प्रभारी व डिप्टी सीएमओ डा. एपी वर्मा ने बताया कि गंदगी व दूषित पानी के उपयोग तथा गर्मी के चलते छिटपुट स्थानों पर बीमारी का प्रकोप होने की सूचनाएं मिल रही हैं। लेकिन बीमारी से मौतों की जानकारी ब्लाकों से जिले को उपलब्ध नहीं कराई गई है। बीमारी से बताई जा रही मौतों का सत्यापन कराया जा रहा है।
