पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव के आसार
जागरण संवाददाता कानपुर देहात लगातार तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी के बाद मौसम में बदलाव
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : लगातार तापमान में हो रही बढ़ोत्तरी के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में गिरावट के साथ ही लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलेगी। हवाओं में परिवर्तन के कारण रात में ठंडक बढ़ेगी।
अक्टूबर माह के दो सप्ताह बीतने के बाद भी लोगों को गर्मी व उमस से राहत नहीं मिल रही है। तापमान में पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही बढ़ोत्तरी के कारण ही दोपहर की धूप चुभन का अहसास करा रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि गत वर्षों में अक्टबूर के पहले सप्ताह में ही गुलाबी ठंड पड़ने लगी थी। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने के कारण इस बार अक्टूबर माह के दो सप्ताह विशेष तौर पर गर्म रहे हैं। वहीं तापमान भी 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है, लेकिन जल्द ही मौसम में परिवर्तन के आसार बन रहे हैं। जम्मू कश्मीर में पश्चिमी हवाओं को क्षेत्र बनने के बाद वहां बर्फबारी बढ़ेगी। इसके साथ ही हवाओं में परिवर्तन से तापमान में गिरावट होगी। वहीं लोगों को उमस से राहत तो मिलेगी ही, जबकि रात में भी ठंडक बढ़ेगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन पांडेय सुनील बताते हैं कि पिछले वर्ष अक्टूबर माह में 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे तापमान आ गया था, लेकिन इस बार चक्रवाती हवाओं के कारण जहां आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हुई वहीं नम हवाएं चलने से उमस व गर्मी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही लोगों को इससे निजात मिलेगी, क्योंकि जम्मू कश्मीर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की स्थितियां बन रही हैं, जिसके बाद नम हवाओं से छुटकारा मिलेगा और तापमान में भी गिरावट होगी।