अप्रैल के पहले हफ्ते से रात 8 बजे तक दौड़ेंगी बसें
जागरण संवाददाता कानपुर देहात शाम 5 बजे थमने वाले सीएनजी बसों के पहिए जल्द ही रात 8 बजे त
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात: शाम 5 बजे थमने वाले सीएनजी बसों के पहिए जल्द ही रात 8 बजे तक दौड़ेंगे। एक सप्ताह के भीतर बसों का संचालन रात तक होने लगेगा। फजलगंज डिपो की नगरीय बस सेवा के एआरएम ने इसको लेकर चालकों व परिचालकों को निर्देश दे दिए हैं।
कानपुर से अकबरपुर, रूरा, मुंगीसापुर, भोगनीपुर आवागमन के लिए फजलगंज डिपो की सीएनजी बसों का संचालन होता है। सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक ही बसें दौड़ती हैं। इसके बाद यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। यात्रियों को होने वाली इसी समस्या को देखते हुए पिछले दिनों सिटी बस के एआरएम राकेश अग्रवाल ने सीएनजी बसों को देर शाम तक चलाने की बात कही थी। लेकिन बसों का संचालन शुरू नहीं किया जा सका। जिसके चलते होली के त्योहार में यात्रियों को भारी असुविधा उठानी पड़ी। मजबूरी में यात्रियों को डग्गामार वाहनों में लटक कर सफर करना पड़ा। एआरएम ने बताया कि बसों का रात 8 बजे तक चलाने के लिए चालक व परिचालकों को निर्देशित कर दिया गया है। बसों के ईंधन (सीएनजी) के लिए पैसा भी दे दिया गया है। अप्रैल के पहले हफ्ते से यात्रियों के लिए बसे रात 8 बजे तक मिलनी शुरू हो जाएगी।