आधा दर्जन किसानों की 15 बीघे फसल राख
संवाद सहयोगी झींझक सिकंदरा तहसील के संदलपुर ब्लाक के कौरू गांव में संदिग्ध हालातों में
संवाद सहयोगी, झींझक: सिकंदरा तहसील के संदलपुर ब्लाक के कौरू गांव में संदिग्ध हालातों में गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे आधा दर्जन किसानों की करीब 15 बीघा गेहूं की फसल जल कर राख हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल टीम के जवानों ने करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया।
शुक्रवार की सुबह कौरू मोहम्मदपुर गांव निवासी अनुरुद्ध सिंह के खेत में पड़ी पुआली में संदिग्ध हालातों में आग लग गयी। इसके पहले कोई कुछ समझ पाता आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। पास में खड़ी धनपत कठेरिया ,आनन्द कोरी ,राजेन्द्र ,बाबू राम पाल ,राजकुमार , विनोद की फसल को भी चपेट में ले लिया। किसानों की फसल धू धूकर जलने लगी। आग काबू में न होने पर ग्रामीणों ने सूचना पुलिस व दमकल को दी। जिस पर गांव पहुंचे संदलपुर चौकी प्रभारी गजेंद्र यादव, चौकी प्रभारी झींझक अनुराग पांडेय, दरोगा प्रभाकर यादव व दो दमकल वाहनों में पहुंचे कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मसक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक किसानों की 15 बीघा फसल जल कर राख हो गयी। चौकी प्रभारी संदलपुर गजेंद्र यादव ने बताया कि तेज हवा चलने के कारण आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया था। दमकल वाहनों के आने के बाद आग पर काबू पा लिया गया था। उपजिला अधिकारी सिकंदरा आरसी यादव ने बताया कि लेखपाल को गांव भेज कर फसल नुकसान के आकलन की रिपोर्ट तैयार कर अग्नि पीड़ित किसानों को नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।