दोस्त की सगाई में पहुंचा युवक तो पत्नी को लगा पति कर रहा है तीसरी शादी, गेस्ट हाउस पहुंचकर किया हंगामा
नजीराबाद स्थित गेस्ट हाउस पहुंचकर महिला ने पति से की मारपीट पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर दर्ज की रिपोर्ट तीन लोग गिरफ्तार पति के दोस्त ने मारपीट व बलवा और पत्नी ने छेड़छाड़ व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया
कानपुर, जेएनएन। पति पर तीसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने शुक्रवार शाम नजीराबाद स्थित गेस्ट हाउस पहुंचकर हंगामा कर दिया। मायकेवालों के साथ मिलकर पति व उसके दोस्तों से मारपीट की। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लाई। पति के दोस्त ने मारपीट व बलवा और पत्नी ने छेड़छाड़ व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जालौन के उरई निवासी निजी फर्मकर्मी पंकज दीक्षित की शादी फरवरी शुक्लागंज (उन्नाव) निवासी प्रियंका शर्मा से हुई थी। प्रियंका का आरोप है कि इससे पूर्व भी पति की शादी हो चुकी है और उसकी एक बेटी भी है। जानकारी होने पर महिला ने उन्नाव के महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को पंकज के कन्नौज निवासी दोस्त अनुराग दुबे की सगाई नजीराबाद के गेस्ट हाउस में थी। महिला को सूचना मिली कि पंकज तीसरी युवती से सगाई कर रहा है। इस पर वह मायकेवालों के साथ गेस्ट हाउस पहुंची और पंकज से मारपीट करने लगी। बीचबचाव करने पर पंकज के दोस्तों को भी पीटा। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने लाई।
थानाप्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि युवक अपने दोस्त की सगाई में आया था। महिला को गलतफहमी हुई और उसने आकर मारपीट की। इसमें पंकज का दोस्त दीपू तिवारी चुटहिल हो गया। दीपू की तहरीर पर प्रियंका, उसकी बहन आरती, दो बहनोई अखिलेश व अमरेश समेत आठ लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं महिला ने छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप लगाते हुए पंकज, उसके दोस्तों अनुराग, दीपू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पंकज, अखिलेश व अमरेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।