कानपुर : बिधनू के रामगंगा नहर में युवक ने लगाई छलांग, पुलिस ग्रामीणों की मदद से कर रही तलाश
कानपुर के बिधनू के रामगंगा नहर शटर पुल से मजदूर ने गंगा में छलांग लगा दी। मजदूर अपनी ससुराल आया था। जहां वह शनिवार सुबह साले के साथ टहलने के लिए निकला था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नहर में मजदूर की तलाश शुरू कर दी है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। बिधनू में शनिवार सुबह ससुराल आये 52 वर्षीय मजदूर ने साले के सामने शटर पुल पर चढ़कर रामगंगा नहर में छलांग लगा दी। वह शनिवार सुबह साले संग टहलने को निकले थे। ससुराली जनों ने काफी दिनों से मानसिक रूप से बीमार होने की बात कही है। पुलिस ग्रामीणों की मदद से नहर में मजदूर की तलाश शुरू कर दी है।
हनुमंत विहार खाड़ेपुर निवासी 52 वर्षीय मजदूर दिनेश कुमार कई दिन पहले पत्नी और बच्चों संग बिधनू कस्बा स्थित ससुराल आये हुए थे। शनिवार सुबह वह साले छोटे संग टहलते हुए रामगंगा नहर शटर पुल के पास पहुंचे। साले छोटे ने बताया कि बहनोई दिनेश ने शटर पुल के ऊपर चढ़ने की बात कही। जिस पर वह उनके साथ शटर पुल पर चढ़ गए। तभी अचानक बहनोई दिनेश ने नहर में छलांग लगा दी।
बहनोई को नहर में डूबता देख छोटे बचाने के लिए नहर में कूद गया। काफी देर प्रयास के बाद भी बहनोई का कोई पता नहीं चला। जिसपर उसने नहर से बाहर निकलकर स्वजन और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नहर में तलाश शुरू की। पति के डूबने की सूचना पर नहर किनारे बच्चों संग पहुंची पत्नी संगीता गश खाकर गिर पड़ी। थाना प्रभारी प्रकाश चन्द्र शर्मा ने बताया कि नहर में मजदूर की तलाश की जा रही है।