स्लैब पर कूदे छात्र की गहरे नाले में गिरकर मौत, बाहर निकालने के लिए बुलानी पड़ी दमकल Kanpur News
चकेरी के जेके फस्र्ट चौराहे पर नाले की स्लैब धंसने से हादसा हुआ है।
कानपुर, जेएनएन। चकेरी के जेके पर चौराहे में शनिवार सुबह फ्लाईओवर के नीचे लेन पर स्लैब पर कूदे छात्र की गहरे नाले में गिरने से मौत हो गई। लोगों ने बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन नाला गहरा होने से सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस ने दमकल कर्मियों को बुलाकर काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे पास के कांशीराम ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। परिवार वाले निजी अस्पताल ले गए, जहां कुछ देर में उसने दम तोड़ दिया।
तिवारीपुर-2 निवासी चट्टा संचालक नासिर ने बताया कि 16 वर्षीय बेटा आसिफ कक्षा दस में पढ़ता था। शनिवार सुबह जेके फस्र्ट चौराहे के पास दूध देने गया था। वह फ्लाईओवर के नीचे ग्रिल फांदकर कूदा तो नाले की स्लैब ढह गई। वह सीधे 10 से 15 फीट गहरे नाले में चला गया। उसे गिरता देखकर आसपास के लोग दौड़े और उसे निकालने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
आनन-फानन पुलिस और दमकल कर्मियों को सूचना दी गई। पुलिस ने यातायात रोककर दमकल कर्मियों की मदद से उसे निकालने की कोशिश की। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने उसे बाहर निकाला। पुलिस ने उसे काशीराम ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। हालत नाजुक होने पर स्वजन उसे निजी अस्पताल ले गए। इलाज के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।