चित्रकूट : ओसो आश्रम के पास श्रद्धालु महिला की मंदाकिनी में डूबकर मौत, छत्तीसगढ़ से आई थी घूमने
छत्तीसगढ़ बिलासपुर से टूरिस्ट बस में पड़ोसी महिला के साथ आई युवती का शव चित्रकूट में चक्की घाट पर मंदाकिनी नदी में मिलने से अफरा तफरी मच गई। शाम को वह धर्मशाला से अचानक लापता हो गई थी पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
चित्रकूट, जेएनएन। टूरिस्ट बस से चित्रकूट में छत्तीसगढ़ से दर्शन करने आई श्रद्धालु महिला की मंदाकिनी नदी में डूबकर मौत हो गई। शनिवार की सुबह उसका शव ओसो आश्रम के पास नदी में उतराता देखकर संत ने लोगों को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पड़ताल शुरू की तो पता चला कि वह पड़ोसी के साथ चित्रकूट घूमने आई थी। उसके पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है।
मध्यप्रदेश जिला सतना के नयागांव थाना क्षेत्र के पास ओसो आश्रम है, शनिवार की सुबह मंदाकिनी नदी में चक्की घाट के पास युवती का शव उतरा रहा था। करीब छह बजे एक संत स्नान के लिए पहुंचे तो नदी में शव दिखाई दिया तो उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसपर लोगों में खलबली मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। कुछ देर में नयागांव थाना के उप निरीक्षक रामयश वर्मा पहुंचे और शव को नदी से निकलवाया।
पुलिस युवती के शव की पहचान करा रही थी कि इस बीच एक महिला आई और उसने टूर में साथ आई महिला के लापता होने की जानकारी दी। छत्तीसगढ़ बिलासपुर की गायत्री निषाद ने थाने में बताया कि टूरिस्ट बस से यात्री चित्रकूट दर्शन के लिए आए हैं। उनके साथ में अनीता यादव भी आई थी, जो लापता हो गई है। इसपर पुलिस ने उसे मंदाकिनी नदी में मिला युवती का शव दिखाया तो उसने पहचान कर ली। उसने बताया कि 37 वर्षीय अनीता यादव के पिता फीरथ यादव की मौत हो चुकी है। वह छत्तीसगढ़ बिलासपुर सिटी कोतवाली की टिकरा पारा कंसा चौक की रहने वाली थी और अभी शादी नहीं हुई थी।
उसने बताया कि सभी लोग टूरिस्ट बस से तीन दिन पहले निकले थे। मैहर से घूमते हुए शुक्रवार को चित्रकूट पहुंचे थे और कामतन मोहल्ला में पटेल धर्मशाला में रुके है। शाम को बस के सभी लोग घूमने चले गए थे। अनीता को भी साथ चलने के लिए कहा था लेकिन वह नहीं गई थी। लौट कर आए तो धर्मशाला में उसका पता नहीं चल रहा था। एसआई रामयश वर्मा ने बताया कि युवती का शव चक्कीघाट में मिला है। संभव है कि शाम को स्नान के दौरान डूबने से उसकी मौत हुई है, मामले की जांच की जा रही है।