देश को मकान मालिक व किरायेदार की तरह बांट रही सरकार : योगेंद्र Kanpur News
स्वराज्य अभियान के अध्यक्ष ने हलीम कॉलेज मैदान में सीएए के विरोध में आयोजित सभा को किया संबोधित।
कानपुर, जेएनएन। हमें देश को तोडऩा नहीं जोडऩा है। जनता एक माह से भारत जोड़ो आंदोलन चला रही है। चुनाव के खेल में सत्ताधारी देश को बांटने में लगे हैं। देश को मकान मालिक और किराएदार के रूप में बांट रहे हैं। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का बायकाट किया जाएगा। किसी भी हाल में लागू नहीं होने देंगे। ये बातें स्वराज्य अभियान के अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत हलीम कॉलेज मैदान में सीएए के विरोध में आयोजित जनसभा में कही।
लागू नहीं होने दिया जाएगा सीएए
उन्होंने कहा कि आंदोलन में इतनी भारी संख्या में पहली बार महिलाएं आईं हैं। पूरे देश में आंदोलन चल रहा है। प्रधानमंत्री को केवल टोपी और हिजाब दिखाई देता है। भीड़ में तिरंगा नहीं दिखाई दे रहा। कहा कि अगर अभी नहीं बोलेंगे तो आने वाली पीढ़ी माफ नहीं करेगी। गलत कानून लागू नहीं होने दिया जाएगा। इसका बायकाट होगा। देश तोडऩे वालों को सबक सिखाना है। उन्होंने कहा कि उनके पास सत्ता है तो हमारे पास धरती मां है।
संविधान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
इस अवसर पर अबुल बरकात नजमी ने कहा कि अगर हम जवाब देंगे तो कुर्सी हिल जाएगी। संविधान से खिलवाड़ करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छोटे भाई नरोना ने कहा कि चौकीदार कहकर सुरक्षा की बात करने वाले आज हमें घर से निकाल रहे हैं। इस अवसर पर नदीम खान, डॉ नफीस, विष्णु शुक्ल, मोहम्मद सुलेमान, विजय चावला, कुलदीप सक्सेना, नजमुस्साकिब, अबुल बरकात नजमी, शिब्बू अंसारी मोहम्मद आमिर मौजद रहे।