फतेहपुर में यमुना नदी में Tractor समेत गिरे चालक का नहीं चला पता, पुलिस ने मंगवाया महाजाल
सियाराम पासवान ट्रैक्टर लेकर बांदा जनपद के कमासिन कस्बा जा रहे थे। दो पीपा पार करने के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। चालक के साथ बैठे गांव के रहने वाले करन पासवान व सातो थाना असोथर निवासी मनोज कुमार तैरकर नदी से बाहर निकल आए थे
कानपुर, जेएनएन। किशुनपुर कस्बा व बांदा जनपद के दांदो घाट के मध्य यमुना नदी पर बने पांटून पुल से नदी में गिरे ट्रैैक्टर चालक की खोजबीन का काम रात दस बजे के बाद रोक दिया गया। सुबह सात बजे से स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे चालक व ट्रैक्टर ट्राली की तलाश जारी है।
थाना क्षेत्र के अमनी गांव निवासी 45 वर्षीय सियाराम पासवान ट्रैक्टर लेकर बांदा जनपद के कमासिन कस्बा जा रहे थे। दो पीपा पार करने के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। चालक के साथ बैठे गांव के रहने वाले करन पासवान व सातो थाना असोथर निवासी मनोज कुमार तैरकर नदी से बाहर निकल आए थे। एसडीएम प्रह्लाद सिंह, सीओ गयादत्त मिश्र के साथ थानाध्यक्ष पंधारी सरोज मय पुलिस फोर्स के देर रात तक घाट किनारे मौजूद रहे।
मौसम खराबी की वजह से रात दस बजे के बाद खोजबीन का काम रोक दिया गया। स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर उन्हेंं नदी में उतारा गया है। खास बात यह है कि चालक के साथ-साथ नदी में डूबे ट्रैक्टर ट्राली का भी अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। एसओ पंधारी सरोज ने बताया कि बांदा जनपद से प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ ही महाजाल मंगवाया गया है। यमुना नदी में दोनों ओर जाल लगवाकर उससे तलाश की जाएगी। एक घंटे बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।