मोबाइल फोन पर पबजी खेलते-खेलते चैलेंज में टेंट कर्मी ने गोदाम के अंदर लगा ली फांसी
पुलिस की जांच में पबजी चैलेंज के चलते जान देने का कदम उठाने की बात सामने आई है।
कानपुर, जेएनएन। परिवार से अलग टेंट हाउस में रहने वाले कर्मी ने शनिवार देर रात फांसी लगा आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसके मोबाइल पर पबजी गेम मिला है। आशंका है कि आत्महत्या से पहले वह पबजी गेम खेल रहा होगा और चैलेंज के चलते ही उसने ऐसा कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला चकेरी थानाक्षेत्र के पीएसी मोड़ स्थित शर्मा टेंट हाउस का है। टेंट हाउस में रहने वाले 27 वर्षीय सुरेंद्र के फांसी लगाकर जान देने के बाद साथी कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। साथ रहने वाले राहुल ने बताया कि शनिवार रात वह और सुरेंद्र मोबाइल पर पबजी गेम खेल रहे थे। भूख लगने पर वह खाना खाने चला गया। वापस लौटा तो गोदाम में एंगल के सहारे रस्सी से सुरेंद्र का शव लटक रहा था।
चकेरी चौकी प्रभारी अजय कुमार के मुताबिक सुरेंद्र श्याम नगर स्थित रामपुरम के रहने वाले थे। उनके माता व पिता का निधन हो चुका है। छह भाइयों में वह सबसे छोटे थे। परिवार से तनाव के चलते अलग रहते थे। छानबीन में पता चला है कि सुरेंद्र पबजी गेम के आदी थे। उनके हाथों पर ब्लेड से काटने के कई निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।