महिलाएं गई थीं पार्षद का घर घेरने, फिर हुआ कुछ ऐसा कि सड़क पर लगा दिया जाम Kanpur News
पार्षद के पति पर लगाया अभद्रता का आरोप पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर कराया शांत।
कानपुर, जेएनएन। बिधनू के द्विवेदी नगर वार्ड 22 में महिलाओं ने आधे अधूरे सड़क निर्माण का विरोध करते हुए पार्षद के घर का घेराव किया। पार्षद पति के अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर गुस्साई महिलाओं ने तौधकपुर रोड जाम करके जमकर हंगामा किया।
द्विवेदी नगर वार्ड 22 में लालूपुर चौराहे से सिद्धार्थ नगर तक करीब 700 मीटर सड़क का निर्माण चल रहा था। सिद्धार्थ नगर के बीच में पडऩे वाली सोसाइटी क्षेत्र में ठेकेदार ने काम बंद करा दिया। इसे लेकर क्षेत्र की मंजू देवी, संगम सिंह चौहान, आशा, पूजा, रश्मि, अनीता समेत सौ महिलाओं ने पार्षद शीला पांडेय के घर का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। मंजू का आरोप है कि इस बीच पार्षद पति अजय पांडेय ने महिलाओं से अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर भगा दिया। इससे नाराज महिलाओं ने तौधकपुर सड़क पर जाम लगा कर पार्षद पति के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पार्षद पति के खिलाफ कार्रवाई करने का अश्वासन दे महिलाओं को शांत कराकर जाम खुलवाया। इसी बीच पास से गुजर रहे पूर्व सांसद राजाराम पाल ने महिलाओं की समस्या सुनकर उनका साथ देने का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी सुखराम सिंह रावत ने बताया कि महिलाओं ने पार्षद पति पर अभद्रता का आरोप लगाकर जाम लगाया था। महिलाओं को समझाबुझाकर शांत कराया दिया गया।
इनका ये है कहना
बीच में शिवबक्स सिंह का सोसाइटी क्षेत्र है। जिसको लेकर उन्होंने उच्च न्यायालय से स्टे ले रखा है। इसकी वजह से सड़क निर्माण रोकना पड़ा। महिलाओं संग अभद्रता का आरोप गलत है।
-अजय पांडेय, पार्षद पति वार्ड 22