एक बेहतर पहल : अजन्मी कन्याओं का महातर्पण, शहीदों को पिंडदान
महातर्पण कराने से समाज में महिलाओं के अधिकार को नया आयाम मिलेगा। युग दधीचि देहदान संस्थान ने महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिखी।महिलाओं को संस्थान की ओर से सम्मानित किया।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। पितृ पक्ष में एक बेहतर पहल रविवार को सरसैया घाट पर हुई। महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिखते हुए युग दधीचि देहदान संस्थान ने युग दधीचि बेटी बचाओ अभियान के तहत अजन्मी कन्याओं का तर्पण किया। इसके साथ कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ लोगों को जागरूक किया और बेटियों को पढ़ाने पर जोर दिया।
सरसैया घाट में हुए महातर्पण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का तर्पण उनके भाई की पौत्री नंदिता मिश्रा व उनके पति सुमित मिश्रा ने किया। बेटियों ने दिवंगत देहदानियों एवं देश के अमर शहीदों का पिण्डदान भी किया। पूर्व महापौर कैप्टन जगतवीर सिंह द्रोण ने कहा कि संस्थान की अनोखी पहल से देश में महिला अधिकार को मजबूती मिलेगी। अभियान के प्रमुख मनोज सेंगर ने कहा कि महिलाओं के हाथों महातर्पण कराने से समाज में महिलाओं के अधिकार को नया आयाम मिलेगा।
तर्पण में शामिल होने वाली महिलाओं को संस्थान की ओर से संयोजिका माधवी सेंगर ने सम्मानित किया। जिसमें भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता, कर्नल प्रभा अवस्थी, मनीषा माहेश्वरी, डॉ. सीमा सहित तीन दर्जन से ज्यादा महिलाओं का सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. आनंद निगम, संतोष अग्रवाल, रविकांत त्रिपाठी, घनश्याम, अनिल राय, प्रकाश धवन, संजय, पीयूष दास, अभिषेक, दीपक, शांति भूषण आदि उपस्थित रहे।