सुनवाई न होने पर थाने में एसओ के सामने महिला ने जहर पीया, पुलिस के हाथ-पांव फूले
पति से गुजारा भत्ते का मुकदमा चल रहा था कोर्ट के आदेश पर भी पुलिस घर नहीं दिला रही है।
फतेहपुर, जेएनएन। कल्यानपुर पुलिस के सुनवाई न करने के कारण दो वर्षों से न्याय के लिए भटक रही महिला शनिवार को थाने पहुंची और एसओ के सामने ही जहर पी लिया। यह देख पुलिस के हाथ पैर फूल गए। आनन-फानन पुलिस उसे पीएचसी गोपालगंज लेकर गई, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कल्यानपुर थाने के हरसिंहपुर गांव निवासी रामनारायण सिंह की पुत्री सुनीता सिंह की शादी गांव में ही नीरज सिंह कछवाह के साथ वर्ष 2006 में हुई थी। करीब 4 पूर्व किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच संबंध इतने बिगड़ गए कि महिला पुत्री खुशी व पुत्र अर्पित उर्फ दिव्यांश के साथ मायके में माता-पिता के साथ रहने लगी और पति पर गुजारा भत्ता, घरेलू हिंसा के मुकदमें दर्ज करा दिए। कुछ समय बाद उसके पिता की भी मौत हो गई। दो वर्ष पूर्व कोर्ट में महिला को पति के मकान में रहने के लिए एक कमरा देने का फैसला सुनाया।
पीडि़ता ने कोर्ट का आदेश लेकर पुलिस से मदद मांगी, लेकिन पुलिस ने महिला की मदद नहीं की। बल्कि पुलिस की टाल मटोल से दूसरे पक्ष को अपील में जाने का मौका मिल गया। न्याय की उम्मीद टूटने से परेशान पीडि़ता शनिवार बेटे के साथ थाने पहुंची। महिला ने थाने में एसओ के सामने ही जहरीला पदार्थ पी लिया। महिला के जहर पीते ही थाने में खलबली मच गई। पुलिस अपनी गाड़ी से महिला को पीएचसी गोपालगंज ले गई। महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया। थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने कहा अभी दो दिन पहले उनकी तैनाती हुई है। महिला का ससुराल पक्ष से विवाद है, जांच कराई जा रही है।