सेंट्रल से मुंबई के लिए चलेगी साप्ताहिक विशेष ट्रेन
लॉकडाउन के चलते मुंबई से प्रवासियों के आने का सिलसिला जारी है।
जेएनएन, कानपुर : लॉकडाउन के चलते मुंबई से प्रवासियों के आने का सिलसिला जारी है। इसे देखते हुए रेलवे ने सेंट्रल स्टेशन से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल तक एक और विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन प्रयागराज के रास्ते मुंबई जाएगी। इसका संचालन सात मई से होगा और 31 जुलाई तक चलेगा। प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि ट्रेन संख्या 04151 विशेष ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल से 3:45 बजे चलकर फतेहपुर, प्रयागराज, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, भुसावल होते हुए दूसरे दिन दोपहर 2:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। एलटीटी से ट्रेन प्रत्येक शनिवार की शाम 5:15 बजे चलकर निर्धारित रूट से होते हुए दूसरे दिन दोपहर 3:25 बजे कानपुर सेंट्रल आएगी।
एक मई से चलेगी ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस : कानपुर : रेलवे ने ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस को स्पेशल ट्रेन बनाकर चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन एक मई से 31 जुलाई तक चलायी जाएगी। यह ट्रेन सप्ताह में सभी दिन चलेगी। ट्रेन संख्या 04185 स्पेशल ट्रेन ग्वालियर से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे चलकर शाम 6:50 बजे कानपुर सेंट्रल और दूसरे दिन दोपहर 12:50 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन बरौनी से प्रतिदिन शाम 6:45 बजे चलकर दूसरे दिन दोपहर 12:40 बजे कानपुर और रात 8:35 बजे ग्वालियर पहुंचेगी।
कासगंज एक्सप्रेस निरस्त
कानपुर : कासगंज से अनवरगंज के बीच पूर्वोत्तर रेलवे दो जोड़ी ट्रेनों का संचालन करता है। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि 30 अप्रैल से कानपुर अनवरगंज से कासगंज के बीच चलने वाली दोनों जोड़ी ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। ट्रेन संख्या 05037/05038 और 05039/05040 कासगंज एक्सप्रेस अगले आदेश तक निरस्त रहेगी। दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट हुई निरस्त, कानपुर : कोरोना संक्रमण का असर दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट पर भी पड़ रहा है। गुरुवार को आने वाली मुंबई और दिल्ली की फ्लाइट को अचानक निरस्त कर दिया गया। देरी से सूचना मिलने के चलते यात्री एयरपोर्ट पहुंच गए, जहां से उन्हें वापस लौटना पड़ा। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि मुंबई की फ्लाइट से 162 और दिल्ली की फ्लाइट से 65 यात्रियों को आना था। विमानन कंपनी ने सुबह सूचना दी कि परिचालन कारणों से दोनों फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों ने टिकट आगे की यात्रा में समाहित कराने की पेशकश की, जबकि शेष यात्रियों ने ऑनलाइन रिफंड ले लिया। अभी उड़ान नहीं भरेगा अहमदाबाद का विमान: कोविड संक्रमण की बढ़ी रफ्तार और शहरों के हालात देखते हुए विमानन कंपनी ने अहमदाबाद की फ्लाइट को अभी रद रखने का निर्णय लिया है। यह फ्लाइट एक मई से शुरू होनी थी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि कोविड संक्रमण के चलते यह निर्णय लिया गया है। अब अग्रिम आदेश तक अहमदाबाद फ्लाइट निरस्त रहेगी।