Kanpur Weather Update: अरब सागर से सक्रिय चक्रवाती तूफान 'गति' रोकेगा ठंड की रफ्तार, बूंदाबांदी के आसार
भारत के पूर्वी और पश्चिमी किनारों पर सक्रिय तूफान से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इस वजह से आने वाले दो दिनों में ठंडक कुछ कम हो सकती है। संभावना है कि आसमान में बदली छाई रहेगी और बूंदाबांदी भी हो सकती है।
कानपुर, जेएनएन। अाने वाले दो दिनों में ठंडक कुछ कम हो सकती है और अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है। यह परिवर्तन अरब सागर से सक्रिय होकर सोमालिया के पास पहुंचे चक्रवाती तूफान 'गति' की वजह से होगा। वातावरण में नम हवा आनी शुरू हो गई है, जिससे कैस्पियन सागर से आ रही शुष्क हवा का असर कम हो जाएगा। इससे आसमान में बदली छाई रहेगी, जबकि हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी से सक्रिय होकर दक्षिण के तमिलनाडु और अन्य राज्यों पर चक्रवाती तूफान निवार वहां की जीवनचर्या प्रभावित कर सकता है। झमाझम बारिश होगी, जबकि तेज हवा चलेगी। भारत के पूर्वी और पश्चिमी किनारों पर चक्रवाती तूफान सक्रिय हैं। इनकी वजह से मैदानी क्षेत्रों में मौसम में तेजी बदलाव की आशंका है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते कैस्पियन सागर से ठंडी हवा मैदानी और पहाड़ी क्षेत्राें की ओर आ रही है। यही पहाड़ों पर बर्फबारी और वर्षा कराती है। मैदानी क्षेत्रों पर बारिश होती है। दूसरी ओर सोमालिया के नजदीक चक्रवाती तूफान गति सक्रिय हुआ है। हालांकि इसका सीधा असर ज्यादा नहीं पड़ेगा, लेकिन नमी लिए हवा देश की ओर आ रही हैं।
29 नवंबर से पड़ेगी कड़ाके की ठंड
पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहेंगे, जबकि नमी लिए हवा चलेगी। इसकी वजह से 29 नवंबर को कड़ाके की ठंड पड़ेगी। कोहरा और धुंध पड़ने की संभावना है।
इन राज्यों में होगी जोरदार बारिश
निवार के असर से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश में जोरदार बारिश होगी। तेज हवा चलेगी। मौसम के असर को देखते हुए दक्षिण भारत के कई राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।