Weather Forecast Kanpur : कहने को नौतपा लेकिन ‘ठंडी’ शुरुआत, बारिश के बन रहे आसार
नौतपा के दिनों में तेज धूप लू और भीषण गर्मी रहती है लेकिन इस बार मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट के साथ बादल व बूंदाबांदी से राहत है। तापमान भी कम रहने की संभावना है और बारिश के आसार बन रहे हैं।
कानपुर, जागरण संवाददाता। तेज धूप, लू और भीषण गर्मी वाले नौ दिनों यानी नौपता की बुधवार को शुरुआत हुई लेकिन इस बार मौसमी बदलावों के चलते शुरुआत ठंडी है। मार्च और अप्रैल के बाद मई के शुरुआती दौर में पारा 45 डिग्री तक पार कर गया लेकिन नौतपा आते आते अब दस डिग्री की गिरावट पर है। अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। यह तापमान एक हफ्ते पहले पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बीते वर्ष की बात करें तो नौपता के पहले दिन का तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
बुधवार को सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद दोपहर में धूप निकलने से उमस भरी गर्मी ने जरूर परेशान किया लेकिन उत्तर पूर्वी हवा 4.1 किमी प्रति घंटा की औसत रफ्तार से चलती रही। मौसम विज्ञानी का मानना है कि आगामी पांच दिनों तक हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। गरज, चमक एवं धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। तापमान भी औसत से कम रहेगा। हवाओं की गति सामान्य से अधिक तेज रहने, 28 मई तक लू न चलने और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहने की संभावना है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन पांडेय ने बताया कि बुधवार को सुबह हुई बूंदाबांदी की वजह से न्यूनतम तापमान में 3.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। रात में बादलों के आने से तापमान बढ़ेगा। हल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार प्रदेश में जून के पहले सप्ताह में मानसून सक्रिय होने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और उससे सटे इलाके पर बना हुआ है। यह पूर्व की ओर बढ़ रहा है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने तक गर्मी नहीं मानी जाती है।