कानपुर का मौसम : फिलहाल खिलेगी धूप और सताएगी गलन, दो दिन बाद पश्चिमी विक्षोभ डालेगा असर
कानपुर शहर में दिन का तापमान गिर रहा है और रात में पारा मामूली चढ़ा है। चार जनवरी के बाद नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते फिर मौसम में बदलाव आएगा। आने वाले दो दिन तक सुबह के समय हल्का कोहरा पड़ने की संभावना बनी है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। आसमान साफ होने के साथ ही उत्तर पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं का असर दिखाई देने लगा है। अगले दो दिन तक शाम से लेकर सुबह तक सर्दी और गलन बढ़ेगी। साथ ही न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी और कोहरा पड़ने की संभावना बनी हुई है। इसके चलते रात से लेकर सुबह तक विशेष सावधानी बरतें। दिन का तापमान स्थिर रहने की उम्मीद है। साथ ही धूप खिलने के कारण लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं अपने साथ ठंड और गलन लेकर आएंगी। इसके चलते दिल्ली समेत पंजाब व हरियाणा के साथ ही कानपुर सहित पूरे प्रदेश में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिलेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहने के साथ खिली हुई धूप निकलने का अनुमान है। इस दौरान हवा सर्द रहेगी। चार जनवरी के बाद एक नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ हिमालय पर अपना असर डालेगा। इसके कारण आसमान में फिर बादल छा सकते हैं। इससे शहर के न्यूनतम तापमान में थोड़ा इजाफा हो सकता है और दिन का तापमान फिर गिर सकता है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आने वाले दिनों में हवा की औसत गति भी बढ़कर पांच किमी प्रति घंटा से ज्यादा होने की संभावना है। वर्तमान में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। पंजाब व यूपी के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हो सकता है। इससे उत्तर पश्चिमी हवाओं में ज्यादा ठंडक रहने और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।