Weather Forecast Kanpur: न्यूनतम तापमान में इजाफा, चक्रवाती हवा के असर से बारिश के अासार
बंगाल की खाड़ी में नए मानसूनी सिस्टम बनने की वजह से निम्न वायुदाब का क्षेत्र भी विकसित हो रहा है हालांकि ये इतने ताकतवर नहीं कि तेज बारिश हो लेकिन यूपी के मध्य क्षेत्र में हल्की वर्षा की संभावना बन रही है।
कानपुर, जेएनएन। चक्रवाती हवा के असर से सोमवार को हल्की बारिश के होने के आसार हैं। मौसम विभाग का मानना है कि यह स्थिति बंगाल की खाड़ी में निम्न वायुदाब का क्षेत्र विकसित होने की वजह से है। गर्मी के साथ ही उमस और बढ़ जाएगी। दिन और दोपहर में तेज गर्मी रहेगी, जबकि शाम को हल्की ठंडक होगी। रविवार को न्यूनतम तापमान में इजाफा होने से संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।
मानसून की वापसी के बाद बंगाल की खाड़ी में नए मानसूनी सिस्टम बनने लगे हैं। इनकी वजह से निम्न वायुदाब का क्षेत्र भी विकसित हो रहा है। यह इतने ताकतवर नहीं हैं कि मैदानी क्षेत्रों तक झमाझम बारिश कर पाएं। फिर भी असोम, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक हल्की और मध्यम वर्षा की संभावना है। इसके बाद 14 और 15 अक्टूबर को बूंदाबांदी की संभावना बन रही है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे उप्र के दक्षिणी पूर्वी क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।
कृषि विवि के मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था। जबकि पिछले एक सप्ताह से न्यूनतम तापमान सामान्य से कम था। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 91 प्रतिशत और न्यूनतम 40 फीसद दर्ज की गई है। इसी तरह उत्तर पश्चिम हवा की रफ्तार 1.7 किमी प्रतिघंटा से चली। मौसम का पूर्वानुमान है कि यूपी के मध्य क्षेत्र में आसमान में मध्यम बादल छाए रहने के कारण 13-14 अक्टूबर तक हल्की वर्षा होने की संभावना है।