Weather Forecast Kanpur: तापमान में इजाफा होने से सक्रिय हो रहा मानसूनी सिस्टम, बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी में निम्न वायुदाब क्षेत्र विकसित होने से कानपुर शहर में दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी के चलते मानसूनी सिस्टम सक्रिय हो रहा है हालांकि यह बहुत ताकतवर नहीं है लेकिर बारिश की संभावना बनी है।
कानपुर, जेएनएन। बीते सप्ताह गिरावट के बाद अब फिर तापमान में इजाफा होने लगा है, पिछले दो दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान तेजी से बढ़ने के कारण सामान्य से अधिक हो गया है। इससे मौसमी चक्रवात बनने से बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में निम्न वायुदाब बन गया है, जिससे चक्रवाती हवा का असर यूपी के मैदानी क्षेत्र तक पहुंच रहा। तापमान में इजाफा होने से बारिश की पूरी संभावना बन रही है। इससे उमस और बढ़ जाएगी, जबकि दिन और दोपहर में तेज गर्मी रहेगी। निम्न वायुदाब का क्षेत्र विकसित होने से मानसूनी सिस्टम बन रहा लेकिन ज्यादा ताकतवर नहीं है। उप्र के दक्षिणी पूर्वी क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक था। वहीं सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 69 प्रतिशत और न्यूनतम 40 फीसद दर्ज की गई है। उत्तर पूर्वी हवा की रफ्तार 1.3 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई है। मौसम का पूर्वानुमान है कि जिला स्तर पर आसमान में मध्यम बादल छाए रहने के कारण 13-14 अक्टूबर को स्थानीय स्तर पर वर्षा होने की संभावना है।