कानपुर में रिमझिम बारिश ने बढ़ाई गलन और ठिठुरन, शुक्रवार तक जारी रह सकती है बूंदाबांदी
कानपुर शहर में मौसम में परिवर्तन हो गया है दो दिन से आसमान में छाए बादल गुरुवार सुबह से रिमझिम बरस रहे हैं। तापमान में गिरावट और शीतलहर ने लोगों की कंपकपी छुड़ा दी और मार्निंग वाकर भी कदम घरों से बाहर नहीं निकल सके।
कानपुर, जागरण संवाददाता। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आसमान पर छाए बादलों के कारण गुरुवार को शहर में कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई। गुरुवार तड़के तीन बजे से शुरू हुई बूंदाबांदी और बारिश के कारण पूरे दिन ठिठुरन बढ़ती गई। साथ ही शीतलहर और गलन तेज हो गई। पूरे दिन लोग परेशान रहे। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिन तक बारिश होने की संभावना जताई है। बूंदाबांदी से रात का तापमान भी तेजी से गिरेगा और पाला पडऩे की आशंका है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बादलों के कारण गुरुवार तड़के न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। साथ ही तड़के शुरू हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरकर 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि एक दिन पहले तक न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री और अधिकतम 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यही नहीं गुरुवार को पूरे दिन में करीब 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो कि इस सर्दी के सीजन की एक दिन में सबसे अधिक बारिश है। इससे 10 दिन पूर्व करीब आठ मिलीमीटर बारिश हुई थी।
बादलों के कारण रात का तापमान तो बढ़ गया, लेकिन बारिश होने के कारण दिन के तापमान में तेजी से गिरावट हुई है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि रविवार तक आसमान पर घने बादल छाए रह सकते हैं। इसके चलते अगले दो दिन तक रुक-रुककर बूंदाबांदी और बारिश होने की संभावना है। रात से लेकर सुबह तक घना कोहरा भी पड़ सकता है और हवा की गति पांच किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा होने के कारण दिन में तेज शीतलहर के साथ गलन भी होगी। सुबह का तापमान अगर कम हुआ तो पाला गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोग सतर्क रहें। फसलों की भी सुरक्षा करें। जरूरी कीटनाशक, खरपतवारनाशी, रोगनाशक दवाओं का छिड़काव रुककर करें।