ससुराल वालों ने पीटा तो अपमान बर्दाश्त न कर सका वार्डब्वॉय, बैराज से गंगा में छलांग लगाकर दी जान
रावतपुर में रहने वाले वार्डब्वाय की चार साल पहले शादी हुई थी और दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। एक सप्ताह पहले मायके गई पत्नी को वापस लाने वह ससुराल गया था जहां पर उसकी पिटाई कर दी गई।
कानपुर, जेएनएन। ससुरालवालों की ओर से की गई पिटाई से आहत हैलट अस्पताल में संविदा पर तैनात वार्ड ब्वॉय अनुज कुशवाहा ने सोमवार दोपहर गंगा बैराज से नदी में छलांग लगा दी। गोताखोरों की मदद से चार घंटे बाद पुलिस उसका शव बाहर निकाल सकी। घटना में परिवार में कोहराम मच गया।
रावतपुर निवासी रामबाबू कुशवाहा के छोटे बेटे अनुज की शादी वर्ष 2016 में डिप्टी पड़ाव निवासी शिवानी से हुई थी। स्वजन के मुताबिक शादी के बाद से अनुज व उसकी पत्नी में मनमुटाव रहने लगा था। एक सप्ताह पूर्व झगड़ा होने पर शिवानी मायके चली गई थी। शनिवार को अनुज उसे लेने गया था। आरोप है कि वहां ससुरालवालों ने उसे पीटा। जानकारी पर बड़े भाई अशोक उसे घर लेकर आए। सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर गया और दोपहर बाद बाइक से गंगा बैराज पहुंचा। वहां गेट नंबर 26 के पास बाइक खड़ी करके उसने बहन संगीता को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद फोन बंद हो गया।
सूचना पर संगीता, पिता व रिश्तेदारों के साथ गंगा बैराज पहुंची। वहां अनुज की बाइक लावारिस हालत में मिली। कोहना पुलिस ने आकर नदी में गोताखोर उतारे। चार घंटे बाद गोताखोरों ने अनुज का शव बाहर निकाला। थानाप्रभारी रामबाबू सिंह ने बताया कि स्वजन ने अनुज के ससुरालवालों पर आरोप लगाया है।