Vikas Dubey News : ढाई सौ बीघा जमीन का मालिक है हिस्ट्रीशीटर विकास और उसका परिवार
एडीजी जय नरायन सिंह के मुताबिक आरोपित की संपत्तियों की जांच की जा रही है। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियां जब्त की जाएंगी।
कानपुर, जेएनएन। सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की नृशंस हत्या करने वाले एक लाख के इनामी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे और उसके परिवार के पास करीब ढाई सौ बीघा जमीन है। ये जमीनें चौबेपुर, बिल्हौर, शिवली व बिठूर में हैं। लखनऊ के इंदिरानगर, कल्याणपुर के मकड़ीखेड़ा व काकादेव के साथ ही गांव में भी उसके मकान और संपत्तियां हैं। पुलिस विकास और उसके करीबियों के बैंक खातों की भी पड़ताल कर रही है, सभी खाते फ्रीज कराए जाएंगे। यही नहीं, गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज कर धारा 14(1) के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियां जब्त की जाएंगी। एडीजी जय नरायन सिंह ने खुद जांच शुरू कराई है और जल्द कार्रवाई होने की उम्मीद है।
कानपुर पुलिस के मुताबिक शिवली के शोभन में विकास ने अपने भाई दीपू दुबे के नाम करीब 20 बीघा जमीन खरीदी थी। बिकरू, दिलीपनगर, काशीराम निवादा, बिल्हौर, चौबेपुर कस्बा, बिठूर व कल्याणपुर में भी उसके व रिश्तेदारों के नाम पर प्लाट व खेत हैं। इन जमीनों की कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। शहर के कल्याणपुर क्षेत्र में मकड़ीखेड़ा व काकादेव के साथ ही लखनऊ के इंदिरानगर में उसके मकान हैं। इन मकानों की कीमत भी करीब पांच से सात करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा विकास, उसकी पत्नी रिचा, बच्चों, भाइयों, पिता, मां और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर भी कई संपत्तियां व जमीनें हैं।
एडीजी जय नरायन सिंह के मुताबिक आरोपित की संपत्तियों की जांच की जा रही है। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियां जब्त की जाएंगी। करीब एक दर्जन जमीनों पर कब्जे, औद्योगिक क्षेत्र से होती थी वसूली विकास अपने गुर्गों की मदद से जमीनों पर कब्जे तो कराता ही था, साथ ही मंधना-चौबेपुर औद्योगिक क्षेत्र की कुछ इकाइयों से लाखों रुपये की वसूली भी कराता था। हालांकि उसके खिलाफ शिकायत करने की किसी भी कारोबारी की हिम्मत नहीं हुई।
बता दें कि कानपुर के चौबेपुर के बिकरू गांव में गुरुवार- शुक्रवार की रात पुलिस और विकास दुबे के गिरोह के बीच खूनी मुठभेड़ हुई। पुलिस की टीम विकास दुबे के यहां रेड करने पहुंची थी। यहां पर विकास दुबे ने अपने गैंग के साथ पुलिस पर हमला किया, जिनमें आठ पुलिस के जवान शहीद हो गए। शनिवार देर रात पुलिस ने विकास दुबे के एक गुर्गे को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस उससे विकास के बारे में जानकारी जुटा रही है।