Vikas Dubey Kanpur News: जेसीबी चालक गिरफ्तार, बोला-घटना के समय पौन घंटे चली थीं गोलियां
पुलिस की पूछताछ में जेसीबी चालक ने बताया विकास के मकान की छत पर 20-25 बदमाश थे।
कानपुर, जेएनएन। बिकरू में पुलिस की राह की रोड़ा बनी जेसीबी के चालक को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसने बताया कि प्रेम कुमार पांडेय उसे बुलाकर लाया था। विकास की छत पर 20-25 बदमाश मोर्चा संभाले थे। करीब पौन घंटे गोलियां चली थीं।
दो जुलाई की रात विकास के घर के ठीक सामने जेसीबी खड़ी करके पुलिस का रास्ता रोका गया था। इसीलिए पुलिसकर्मी मुख्य सड़क पर जीप खड़ी करके पैदल विकास के घर के सामने पहुंचे थे और वहीं फंसने के दौरान अचानक गोलियां चलने पर खुद को बचा नहीं पाए थे। जेसीबी चालक कानपुर देहात के शिवली थानांतर्गत नारेपुरवा निवासी राहुल पाल को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह वारदात के बाद डर के कारण अपने मामा के यहां छिपा था।
चौबेपुर थाने में राहुल ने बताया कि वह विकास के मामा प्रेम कुमार के निर्देशन में जेसीबी चलाता था। घटना वाले दिन रात 12 बजे अचानक प्रेम कुमार ने गांव आकर कहा कि विकास भइया उसे बुला रहे हैं। गांव पहुंचने पर उसे जेसीबी को रास्ते में खड़ा करने को कहा गया। उसने पूछा कि इससे तो रास्ता बंद हो जाएगा। इस पर विकास ने उसे जमकर गालियां दी थीं। उसने जेसीबी बीच रास्ते खड़ी कर दी। इसके बाद उसे भी विकास दुबे की छत पर पहुंचा दिया गया। वहां पर पहले से ही 20 से 25 हथियारबंद लोग मौजूद थे।
वह डरकर एक कोने में बैठा रहा। रात करीब सवा बजे के आसपास मारो-मारो का शोर हुआ और गोलियां चलने लगीं। करीब पौन घंटे हंगामे की स्थिति रही। इसके बाद सब भागने लगे। डर के कारण वह भी भाग खड़ा हुआ। उसने बताया कि विकास की छत के साथ आसपास उसके गुर्गे हथियार लेकर खड़े थे। विकास उनसे मोबाइल पर संपर्क कर निर्देश दे रहा था।