विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष ने लव जिहाद की घटनाओं पर जताई चिंता, कहा-प्रेम नहीं सुनियोजित साजिश
विहिप कार्यकर्ताओं की बैठक में पीड़ित परिवारों की मदद करने और मनोबल को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
कानपुर, जेएनएन। विहिप के केंद्रीय कोषाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने कानपुर में लव जिहाद की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा है कि ये प्रेम नहीं सुनियोजित साजिश है। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता लव जिहाद के पीडि़त परिवारों की हर संभव मदद करें और उनका मनोबल मजबूत बनाएं।
कानपुर प्रवास के दौरान सोमवार को विहिप के केंद्रीय कोषाध्यक्ष चंपत राय राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के क्षेत्रीय संघ चालक वीरेंद्र जीत सिंह आवास पर पहुंचे। उन्होंने विहिप पदाधिकारियों के साथ बैठक की और कानपुर में लगातार लव जिहाद के सामने आ रहे मामलों के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि कानपुर में लगातार इस तरह के मामले आ रहे हैं और यह चिंता की बात है, यह प्रेम नहीं सुनियोजित षड़यंत्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस प्रकार के मामलों में पीड़ित परिवारों की मदद करें ताकि उन परिवारों का मनोबल मजबूत रहे।
उन्होंने कहा कि कानपुर की चारों जिला इकाइयों में इसके लिए टीम बनाएं। इसके साथ ही प्रशासन से मिलकर इस संबंध में लोगों को जागरूक करें। उन्होंने विहिप की आत्मनिर्भर भारत, उत्कृष्ट भारत योजना के तहत हिंदू युवक-युवतियों को कौशल विकास से आर्थिक रूप से स्वाबलंबी बनाने की बात कही। साथ ही बताया कि किसानों को गौ अाधारित खेती के लिए विहिप जिलों में टोलियां बनाकर जन जागरण करेगा।
उन्होंने गांधी नगर में श्रीरामकृष्ण स्वास्थ्य परामर्श केंद्र चिकित्सालय व श्रीरामकृष्ण वेद विद्यापीठ की गतिविधियों की जानकारी ली। विहिप के प्रांतीय सहमंत्री दीनदयाल गौड़ के मुताबिक उन्होंने लाॅक डाउन में किए गए सेवा कार्यों को भी पूछा। वह प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के आवास पर उनकी पुत्रवधू के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने भी गए। कानपुर प्रवास में उनके साथ विहिप के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, अशोक तिवारी रहे।