यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कानपुर में UPPSC PCS के लिए 39 केंद्रों पर 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सीसी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर
कानपुर में लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस प्री परीक्षा की तैयारी पूरी हो चुकी है। 12 अक्टूबर को होने ...और पढ़ें

HighLights
- एडीएम वित्त विवेक चतुर्वेदी को बनाया गया परीक्षा का नोडल अधिकारी
- प्रशासन ने की चाक-चौबंद तैयारी,12 अक्टूबर को दो पालियों में संपन्न होंगी परीक्षा
जागरण संवाददाता, कानपुर। लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस प्री परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आगामी 12 अक्टूबर रविवार को होने वाली इस परीक्षा में 17 हजार 600 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए जिले में कुल 39 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।
परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ न लगे, इसके लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती रहेगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा, फ्लाइंग स्क्वाड टीमों को तैनात किया गया है जो केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित गतिविधि पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा जाएगा।
परीक्षा केंद्रों के आसपास नो-पार्किंग जोन बनाए गए हैं ताकि जाम की स्थिति न उत्पन्न हो। परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। परीक्षा केंद्रों में प्रशासन ने पेयजल, स्वच्छ शौचालय और आवश्यक चिकित्सा सुविधा की भी व्यवस्था की है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।