Kanpur Weather News : धूप के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, हल्की बारिश होने के भी हैं आसार
कानपुर के मौसम में उतार चढ़ाव बना हुआ है। बीते कुछ दिनों से रुक रुक कर बारिश हो रही है शनिवार को भी फुहारें पड़ने से मौसम सुहाना हो गया था। मौसम विज्ञानियों ने धूप निकलने के साथ बादलों की आवाजाही होने से बारिश की संभावना जताई है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। दक्षिणी उत्तर प्रदेश के पास बना कम दबाव का क्षेत्र अब परिवर्तित होकर दक्षिण पश्चिम में चक्रवाती हवा के क्षेत्र में बदल गया है। इसके कारण वर्षा की गतिविधियों में कमी आई है।
बीते शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तक धूप खिलने के साथ बादलों की आवाजाही होने और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी व हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसएवि) के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दक्षिण पश्चिम में चक्रवाती हवा के क्षेत्र के कारण शुक्रवार सुबह आठ बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक केवल एक मिलीमीटर वर्षा हुई है। वर्तमान में चक्रवाती हवा का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी मध्यप्रदेश व दक्षिण पश्चिम यूपी के आसपास के हिस्से पर बना है।
उन्होंने बताया कि बादलों की एक अक्षीय रेखा बंगाल की खाड़ी से ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश होते हुए पश्चिम राजस्थान के मध्य भाग तक फैली है। इसी के साथ पश्चिमी विक्षोभ का भी प्रभाव है, जो समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तेज वर्षा की संभावना नहीं है, लेकिन हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान धूप खिलने से हल्की उमस का भी अहसास हो सकता है।