UP Election 2022: शिवपाल का ट्वीट, इटावा की जसवंतनगर सीट से कब दाखिल करेंगे नामांकन
UP Vidhan Sabha Election 2022 प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने सपा से गठबंधन प्रत्याशी के रूप में जसवंतनगर सीट से नामांकन दाखिल करने को लेकर ट्वीट किया है। इस सीट से वह पांच बार लगातार विधायक रह चुके हैं।
इटावा, जागरण संवाददाता। यूपी विधानसभा चुनाव में प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव जसवंतनगर सीट से चुनाव मैदान में उतरने जा रहे हैं। उन्होंने ट्वीट करके जसवंतनगर सीट से पर्चा भरने की तारीख और समय का ऐलान कर दिया है। सपा से गठबंधन के बाद अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल सिंह यादव को जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ने के लिए प्रारूप-बी सौंपा था। हालांकि इस सीट पर राजनीतिक गलियारों में एक कयास और लगाए जा रहे थे कि शिवपाल जसवंतनगर विधानसभा सीट बेटे आदित्य यादव के लिए छोड़ सकते हैं। लेकिन, अखिलेश द्वारा चाचा को इस सीट से प्रारूप-बी सौंपने के बाद सभी अटकलों पर विराम लग गया था।
समाजवादी पार्टी के गढ़ इटावा की जसवंतनगर विधानसभा सीट मुलायम सिंह के परिवार के लिए हमेशा से खास रही है। इस सीट पर शिवपाल यादव 1996 से लगातार जीत हासिल करते आ रहे हैं। वह अबतक पांच बार विधायक रह चुके हैं। वहीं सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी इस सीट से सात बार विधायक बन चुके हैं।
वर्ष 2017 के चुनाव में सपा की टिकट पर जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़कर शिवपाल विधायक बने थे। इसके बाद उन्होंने अलग पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बनाकर सपा से नाता तोड़ लिया था। सपा प्रमुख अखिलेश यादव से उनका मनमुटाव चल रहा था, इधर ऐन चुनाव से पहले चाचा और भतीजे के बीच खटास दूर हो गई और दोबारा मिलन हो गया। शिवपाल ने प्रसपा का सपा से गठबंधन का ऐलान कर दिया। वहीं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में चाचा शिवपाल को जसवंतनगर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए प्रारूप-बी सौंप दिया था।
शिवपाल ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर जसवंतनग सीट से नामांकन दाखिल करने का ऐलान कर दिया है। इसमें उन्होंने लिखा है- अगामी 26 जनवरी दिन शुक्रवार पूर्वाह्न 11:30 बजे चुनाव आयोग द्वारा जारी कोविड प्रोटोकाल व अन्य दिशा निर्देशों के साथ इटावा की जसवंतनगर विधानसभा सीट से सपा एवं प्रसपा गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में नामांकन करुंगा।