इटावा, जागरण संवाददाता। UP Vidhan Sabha Chunav 2022 : उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव में सपा गठबंधन प्रचंड बहुमत से जीतेगा। अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी। यह बात प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को अपना नामांकन करने के बाद कचहरी परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने गठबंधन को जिताने का मन बना लिया है। 403 विधान सभा सीटों में से जनता अखिलेश यादव को भारी मतों से जिताएगी। किसानों से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा बातचीत किए जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि अब बातचीत से कोई फायदा नहीं होगा। पांच साल तक किसानों का उत्पीड़न किया गया। उन पर मुकदमे लादे गए और उन्हें जेल भेज दिया गया तब उन्हें पूछने वाला कोई नहीं था। प्रदेश के किसान अपना मन बना चुके हैं।
शिवपाल ने कहा कि वह जसवंतनगर विधान सभा से वे छठवीं बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं और जीत ऐतिहासिक होगी। अखिलेश यादव भी करहल से भारी मतों से जीतेंगे। हम दोनों में यह लड़ाई होगी कि कौन ज्यादा मतों से जीतता है। अखिलेश यादव के साथ एक साथ नजर आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी रैलियों पर रोक लगी है लेकिन वर्चुअल रूप से वे जल्द ही साथ नजर आएंगे। अखिलेश यादव गठबंधन के नेता हैं। इस मौके पर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अंकुर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव भी मौजूद थे।
a