यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कन्नौज : सपा में शामिल होने से किया इन्कार तो जिला पंचायत सदस्य पर झोंका फायर, मुकदमा दर्ज
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलहल मची हुई है। कन्नौज के सौरिख में सपा में शामिल ...और पढ़ें

कन्नौज, जागरण संवाददाता। सपा में शामिल होने से इन्कार करने पर आरोपितों ने जिला पंचायत पर फायर कर दिया। इसमें वह बाल-बाल बच गए। पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। एसपी के आदेश पर सदस्य के घर पर पुलिस बल तैनात किया गया।
विकास खंड सौरिख के वार्ड नंबर 18 से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र शाक्य गांव परौर के निवासी हैं। बुधवार को उन्होंने गांव परौर निवासी विवेक कुमार शाक्य, अन्नू शर्मा, दिलीप पाल व गांव खानपुर निवासी राहुल यादव के खिलाफ तहरीर दी। बताया कि ये लोग सपा में आने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर जान से मारने की धमकियां दी। बुधवार को छिबरामऊ से सौरिख जाते समय ईशन नदी पुल के पास ये लोग कार से आए और अभद्रता कर गाड़ी रोकने का प्रयास किया। न रुकने पर राहुल यादव ने जान से मारने की नियत से कार पर फायर कर दिया। वह बाल-बाल बच गए। जान बचाकर सौरिख पहुंचे और घटनाक्रम से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराया। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। वहीं मोबाइल फोन पर नोकझोंक की वार्ता के आडियो भी फेसबुक इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए हैं। हालांकि दैनिक जागरण ऐसे किसी वायरल खडियो की पुष्टि नहीं करता है। मुकदमा पंजीकृत करने के बाद पुलिस ने आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घर जाकर दी जान से मारने की धमकी
गुरुवार को जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र शाक्य ने बताया कि आरोपितों पर मुकदमा पंजीकृत कराया। इसके बाद आरोपितों ने घर जाकर पिता को जान से मारने की धमकी दी। ये आरोप लगाते हुए सदस्य ने जान का खतरा बताया। भाजपा नेताओं ने एसपी प्रशांत वर्मा से वार्ता की। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य के घर पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।
