Gyanvapi Case: ज्ञानवापी मामले में बोले मंत्री एसपी सिंह बघेल, काशी भगवान शिव ने बसाई, सब कुछ उन्हीं का
ज्ञानवापी मामले में आए दिन कुछ न कुछ नया सामने आ रहा है। केंद्रीय कानून राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी इस मामले में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि काशी भगवान शिव ने बसाई थी और यहां सब कुछ उन्हीं का ही है।
औरैया, जागरण संवाददाता। साेमवार को फफूंद रोड समीप एक कार्यक्रम में शामिल होने केंद्रीय कानून राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल पहुंचे थे। जहां उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की। ज्ञानवापी मामले में बोले कि काशी भगवान शिव ने बसाई थी और यहां सब कुछ उन्हीं का ही है। किराएदार किसी भी वाद में अदालत को गुमराह कर सकता है, लेकिन आखिर में फैसला मकान मालिक के पक्ष में आता है। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा। इससे बड़ा कोई नहीं। किसी के विरोध करने से या भीड़ जुटाने से कुछ नहीं होगा।
एसपी सिंह बघेल ने मुगलों की पूरी वंशावली को बताया। कहा कि आजाद भारत वर्ष में संविधान से बढ़कर कुछ नहीं है। विरोध होते रहते हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार पर जनता को भरोसा है। इसकी जीत विधान सभा चुनाव 2022 में देखने को मिली। जनता सब कुछ जानती व समझती है। वह किसी की बातों में नहीं आएगी। सपा नेता आजम के सवाल पर बोले कि पार्टी हाईकमान इस पर फैसला करेगा। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश और आजम के बीच नाराजगी उनकी अपनी है। भाजपा का इससे कुछ लेना देना नहीं है। आजम के भाजपा में शामिल होने की चर्चा पर कहा कि पार्टी हाईकमान सब तय करेगी कि किसे लेना है और किसे नहीं। उन्होंने राशन कार्ड सरेंडर की सूचना अफवाह बताई। बोगस और अपात्र राशन कार्डों की जांच जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव व पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा समेत पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।