उदयपुर से पाटलिपुत्र तक के सफर में कानपुर भी 'हमसफर'
हमसफर एक्सप्रेस उदयपुर से प्रत्येक बुधवार चलकर गुरुवार की सुबह कानपुर पहुंचेगी, पाटलिपुत्र से शुक्रवार आधी रात चलकर दूसरे दिन दोपहर में आएगी।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। उदयपुर से पाटलिपुत्र तक जाने वाले यात्रियों के हमसफर कानपुरवासी भी बन सकेंगे। सेंट्रल रेलवे स्टेशन को हमसफर एक्सप्रेस की चौथी सौगात मिली है। उदयपुर से पाटलिपुत्र के बीच दौडऩे वाली हमसफर एक्सप्रेस शुक्रवार को पहले सफर के लिए उदयपुर से रवाना हुई, जो शनिवार दोपहर कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
इससे पहले गोरखपुर से आनंदविहार, कटिहार से पुरानी दिल्ली और इलाहाबाद से न्यू दिल्ली के बीच तीन हमसफर एक्सप्रेस चल रही हैं। उदयपुर से चलने वाली नई हमसफर का नंबर 19669 व डाउन दिशा से इस ट्रेन का नंबर 19670 रहेगा। ट्रेन पांच अक्टूबर को विशेष आयोजन के साथ उदयपुर सिटी से रवाना हुई, मगर नियमित तौर से ट्रेन 10 अक्टूबर से चलेगी। हमसफर एक्सप्रेस उदयपुर से प्रत्येक बुधवार चलकर गुरुवार की सुबह कानपुर पहुंचेगी, जबकि पाटलिपुत्र से प्रत्येक शुक्रवार आधी रात चलकर उसी दिन आएगी। सेंट्रल स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव दस मिनट का होगा। खास बात यह है कि उदयपुर-कानपुर रेलवे ट्रैक पर यह पहली हमसफर होगी।
यह होंगे स्टॉपेज
उदयपुर जंक्शन, मावली जंक्शन, चंदेरिया, बूंदी, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, अछनेरा, मथुरा जंक्शन, हाथरस सिटी, कासगंज, फर्रूखाबाद, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर, वाराणसी, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र।
एक नजर में ट्रेन की स्थिति
-उदयपुर हमसफर में इंजन समेत 20 कोच।
-16 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के कोच, दो जनरेटर यान और एक पेंट्रीकार।
-5 अक्टूबर को कटिहार से हुई रवाना।
-एक बार सप्ताह में चलेगी।
-32.55 घंटे में पूरा करेगी सफर।
-पूरी यात्रा में 21 स्टेशनों पर ठहराव।
-1565 किमी दूरी तय करेगी।
-48 किमी प्रति घंटा औसत गति।
-20.25 घंटे लगेंगे कानपुर से उदयपुर तक।
-12.40 घंटे लगेंगे कानपुर से पाटलिपुत्र तक।
-उदयपुर से बुधवार को चलकर गुरुवार सुबह 8.25 पर पहुंचेगी कानपुर।
-पाटलिपुत्र से शुक्रवार को चलकर दूसरे दिन दोपहर 1.50 बजे कानपुर आएगी।