Coronavirus Lockdown : कानपुर में भी तब्लीगी जमात के दो मरकज, अलग-अलग जगहों पर ठहरी हैं जमातें
दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी मरकज की तरह शहर में भी दो मुख्यालय होने की बात सामने आई है।
कानपुर, जेएनएन। दिल्ली निजामुद्दीन में तब्लीगी मरकज में जमात में शामिल रहे लोग यूपी के शहरों में छिप गए हैं। कोराना वायरस का संक्रमण फैलने के खतरे को देखते हुए अब सरकार इन लोगों की तेजी से तलाश कर रही है। इन सबके बीच कानपुर शहर में भी तब्लीगी जमात के दो मरकज होने की भी बात सामने आई है। पुलिस प्रशासन ने दोनों मरकज के संचालकों को सख्त हिदायत दी है और जमातों की जानकारी जुटानी शुरू की है।
शहर में यहां पर हैं दो मरकज
तब्लीगी जमात के शहर में दो मरकज (मुख्यालय) हैं। एक मरकज मस्जिद मछली बाजार में, दूसरा मरकज हलीम प्राइमरी स्कूल मस्जिद में है। तब्लीगी जमात भी दो खेमों में बंटी हुई है। एक खेमे का संचालन मौलाना साद जबकि दूसरे खेमे का संचालन मौलाना अहमद लाट करते हैं। शहर में आने वाली तब्लीगी जमात को पहले मरकज में रिपोर्ट करना होता है।
शहर में यहां की जमाते हैं ठहरीं
- यमुनानगर (हरियाणा) से आई जमात में 12 सदस्य है, यह मस्जिद मीर महमूद पटकापुर में रुकी है।
- बांदा से आई जमात में 8 सदस्य है, यह बगिया वाली मस्जिद इफ्तेखाराबाद में रुकी है।
- मेरठ से आई जमात में 12 सदस्य है, यह बाड़े वाली मस्जिद कुली बाजार में रुकी है।
- चांदपुर (बिजनौर) से आई जमात में 15 लोग शामिल है, यह मस्जिद लल्लन कुली बाजार में रुकी है।
- बिजनौर से आई जमात में कोंच सहित 15 लोग है, यह मस्जिद अरकम बाबूपुरवा में रुकी है।
- ललितपुर से आई जमात के 15 लोग मस्जिद मुंशीपुरवा में रुकी है।
- गुजरात से आई जमात के 10 सदस्य मस्जिद मछली बाजार में ठहरे है।
21 मार्च को शहर पहुंची नौबस्ता की जमात
नौबस्ता मछरिया स्थित खैर मस्जिद में 15 लोगों की जमात मंगलवार को ही पहुंची। सोशल मीडिया पर लोगों के ठहरने की सूचना वायरल होने पर पुलिस और एलआइयू ने मौके पर पहुंचकर पर जांच की। लोगों का कहना है कि जमात आज ही आई है, हालांकि जमात में शामिल मोहम्मद इमरान का कहना है कि वह 21 मार्च की सुबह हलीम प्राइमरी स्कूल आ गए थे। वहां से दोपहर में मछरिया स्थित नसीमा मस्जिद पहुंचे। नौ दिन रुकने के बाद वह मंगलवार को ही खैर मस्जिद पहुंचे। पुलिस इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र और एलआइयू ने इमाम से जमात में आए लोगों की सूची ली। इमाम शहाबुद्दीन ने बताया कि शहरकाजी हाफिज अब्दुल कुद्दूस हादी के माध्यम से डीएम को जमात की जानकारी दी गई है।
शहरकाजी ने दिया ये बयान
लॉकडाउन की वजह से शहर में जमात रुकी हैं। आवागमन न होने के कारण वह कहीं पर आ या जा भी नहीं सकते है। जिला प्रशासन को इन सभी जमात के बारे में जानकारी दी जा चुकी है। प्रशासन ने कहा है कि जो जहां है, उसे वहीं रहने दें। -हाफिज अब्दुल कुद्दूस हादी, शहरकाजी