कानपुर में झूमकर बरसे बदरा, पारा गिरने से मौसम हुआ सुहाना Kanpur News
दस जुलाई को भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
कानपुर, जेएनएन। मानसूनी बारिश से शहर सराबोर है, लगातार तीन दिन से रुक रुककर हो बारिश ने शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है। रविवार को शहर में मानसून की जोरदार बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। बाहर निकले लोगों को बारिश ने जमकर भिगोया और जहां के तहां लोग फंस गए। बारिश धीमी होने पर फिर सड़कों पर यातायात दौड़ा तो जाम की स्थिति बन गई।
बीते दो दिन से इंद्र देव मेहरबान हैं और शहरवासियों को भिगो रहे हैं। शुक्रवार शाम से शुरू हुई बारिश का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। आसमान में बादल छाते ही मौसम खुशनुमा हो गया। दोपहर में झमाझम बारिश से लोग सराबोर हो गए। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने आठ से 10 मिमी बारिश दर्ज की है। अगले 24 घंटों के दौरान शहर में झमाझम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर रिमझिम फुहारें पड़ सकती हैं।
दस जुलाई को अलर्ट जारी
सीएसए के मौसम विभाग ने दस जुलाई को अबतक की सर्वाधिक बारिश की संभावना जताई है। ऐसा अनुमान है कि इस दिन 120 मिमी तक बारिश हो सकती है। इस माह शहर में अच्छी बारिश होने की संभावना है। उमस भरी गर्मी से तड़प रहे शहरवासियों को इस माह से राहत मिल जाएगी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. नौशाद खान ने बताया कि इस माह होने वाली 265 मिमी औसत बारिश से सापेक्ष 90 फीसद बारिश की संभावना है। पिछले माह औसत की अपेक्षा 30 फीसद बारिश भी नहीं हुई थी। बारिश के बाद तापमान में पांच से दस डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।