Top Kanpur News of the day 16th July 2019, युवक को गोली मारी, गुरु पूर्णिमा पर गंगा में डुबकी, आयकर विभाग में बड़ा फेरबदल, फतेहपुर में बवाल, फर्रुखाबाद में भीषण हादसा
घाटमपुर में गोली लगने से घायल युवक ने कॉलेज में घुसकर जान बचाई वहीं फतेहपुर में बवाल के बाद बेहटा गांव में फोर्स तैनात किया गया है।
कानपुर, जेएनएन। शहर के घाटमपुर क्षेत्र में कुछ लोगों ने युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। वहीं बिठूर और शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर गुरु पूर्णिमा के चलते स्नान करने वालों की भीड़ उमड़ती रही। आयकर विभाग में कई अधिकारियों के तबादले होने की खबर चर्चा का विषय बनी। फतेहपुर में मदरसे में आग लगाने की घटना के बाद तनाव की स्थिति बनी है। फर्रुखाबाद में पेड़ से वैन टकराने से देवर और भाभी की मौत से कोहराम मच गया।
सरेराह युवक को गोली मारी
शहर के घाटमपुर गए एक युवक को कुछ लोगों ने गोली मारी दी। पेट में गोली लगने के बाद भी उसने पास के कॉलेज में घुसकर जान बचाई। आरोप लगाया है कि शादी तोडऩे से नाराज मंगेतर के मामा ने पीछा करने के बाद युवक पर जानलेवा हमला किया है। हमलावर के चार-पांच साथी भी मौजूद थे, जिनकी तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
गुरु पूर्णिमा पर गंगा में स्नान
गुरु पूर्णिमा पर भक्तों ने गंगा स्नान के बाद गुरु का पूजन किया। भोर पहर से बिठूर और शहर के प्रमुख घाटों पर गंगा स्नान के लिए भीड़ उमड़ती रही। चित्रकूट में भी मंदाकनी नदी के तट पर दूर दराज से श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाई। वहीं आश्रमों में जाकर गुरु का पूजन अर्चन किया।
आयकर विभाग में बड़ा फेरबदल
यूपी-उत्तराखंड रीजन में आयकर विभाग ने कई अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। सोमवार रात से आदेश जारी होने के बाद सुबह जब विभाग में जानकारी हुई तो अफरा तफरी का माहौल रहा। सहायक आयुक्त और आयुक्त तबादला सूची में अपना नाम खोजते नजर आए। वहीं जारी आदेश में तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
फतेहपुर में तनाव
जनपद के बेहटा गांव में सोमवार रात गोकशी की घटना को लेकर पनपा ग्रामीणों को आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। हालात उस समय और बिगड़ गए जब मदरसे के एक कमरे से मांस बरामद होने पर आक्रोशित लोगों ने तोडफ़ोड़ कर आग लगा दी। सूचना पर फोर्स लेकर पहुंचे डीएम और एसपी ने हालात पर नियंत्रण किया। तनाव के मद्देनजर कई थानों का फोर्स तैनात किया गया है।
फर्रुखाबाद में भीषण सड़क हादसा
फर्रुखाबाद में सोमवार की आधी रात भीषण सड़क हादसे देवर भाभी की मौत हो गई। मैनपुरी से वैन में सवार होकर परिवार पंचाल घाट पर दीपदान के लिए आया था। यहां से लौटते समय चालक को झपकी आने से वैन पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत होने के साथ आठ लोग जख्मी हुए हैं। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।