कानपुर से अलीगढ़ तक फर्राटा भरने के लिए पांच जगह देना होगा टोल टैक्स, जानिए कब तक पूरा होगा जीटी रोड का चौड़ीकरण
पांचों स्थान चयनित एक टोल से दूसरे के बीच रखी जाएगी कम से कम 50 किमी की दूरी।
कानपुर, जेएनएन। फोर लेन बन रहे कानपुर अलीगढ़ मार्ग पर राहगीरों को पांच स्थानों पर टोल देना होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इसके लिए अलीगढ़ से कानपुर के बीच पांचों स्थान चयनित कर लिए हैं। ये टोल प्लाजा मैनपुरी के बेवर, एटा के आसपुर, हाथरस के गोपी, कन्नौज के जेवा और कानपुर के उत्तरीपूरा के आसपास बनेंगे। यानी हर टोल के बीच 50 से 60 किमी की दूरी होगी।
कानपुर-मैनपुरी हिस्से में निर्माण के लिए 15 मार्च से पहले होगा करार
अलीगढ़ से कानपुर तक जीटी रोड को चौड़ा करने का काम तेजी से हो रहा है। करीब छह हजार करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में भूमि अधिग्रहण छह लेन के लिए किया गया है। दो हिस्सों में होने वाले काम के पहले चरण में मैनपुरी-अलीगढ़ मार्ग पर काम चल रहा है। इसे वर्ष 2021 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य है। दूसरे चरण में मैनपुरी से कानपुर तक जीटी रोड चौड़ी की जाएगी। इस हिस्से में काम करने के लिए कंपनियों का चयन पहले ही हो चुका है। अब केवल करार होना बाकी है। यह करार 15 मार्च से पहले हो जाएगा, जून 2020 से निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। इस काम को पूरा करने का लक्ष्य जून 2022 तक रखा गया है।
कानपुर से कन्नौज तक बनेगी सुरक्षा दीवार
इस मार्ग पर बनने वाले सभी पुल छह लेने के होंगे, हालांकि सड़क अभी चार लेन की ही बनेगी। ट्रैफिक बढऩे पर सड़क की चौड़ाई दो लेन और बढ़ा दी जाएगी। वहीं, कानपुर से कन्नौज तक सुरक्षा दीवार भी बनेगी ताकि हादसा न हो। एनएचएआइ अलीगढ़ के परियोजना प्रबंधक गौरव गुप्ता ने बताया कि दूसरे चरण के हिस्से में शामिल कानपुर और कन्नौज में जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।