चालक को नींद आने से एक्सप्रेस-वे पर पलटी बस, 30 यात्री घायल Kannauj News
हादसे में गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को मेडिकल कॉलेज से किया गया रेफर दिल्ली से लखनऊ जाते वक्त हुआ हादसा।
कन्नौज, जेएनएन। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से लखनऊ जा रही बस डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे में 30 यात्री घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बुधवार तड़के कोतवाली क्षेत्र के फगुआ भ_ा के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 193 किलोमीटर प्वाइंट पर लखनऊ जा रही प्राइवेट लग्जरी बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। बस में तकरीबन 40 यात्री सवार थे। बताते हैं कि चालक को नींद आने से हादसा हुआ।
हादसे के बाद बस से चालक और परिचालक दोनों फरार हो गए। बस में सवार 30 यात्री घायल हो गए। गंभीर हालत में नौ घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां पर उपचार के दौरान हालत में सुधार न होने पर छह यात्रियों को लखनऊ व कानपुर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर यूपीडा सुरक्षाकर्मी, यूपी 100 पीआरबी और कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने यात्रियों का सामान सुरक्षित कराया। दुर्घटनाग्रस्त बस को एक्सप्रेस-वे के किनारे करवा यातायात को बहाल कराया। क्राइम इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज होगा और जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ये यात्री गंभीर रूप से हुए घायल
-जुबैद पुत्र हाशिम रजा निवासी ठाकुरगंज लखनऊ।
-सृष्टि सोनकर पत्नी गौरव सोनकर निवासी अलीगंज, लखनऊ।
-गौरव सोनकर पुत्र जसवंत सोनकर निवासी अलीगंज, लखनऊ।
-साक्षी सिंह पुत्री आर्यन सिंह निवासी दुर्गाशिवपुरम कॉलोनी, मिर्जापुर।
-प्रमोद कुमार पांडे पुत्र दुर्गेश कुमार पांडे निवासी सिकरी मोहल्ला, प्रयागराज।
-लक्ष्मी यादव पुत्री दयाराम यादव निवासी ओझाकापूर्वा, सुल्तानपुर।
-सोमना पुत्री सत्यव्रत निवासी आदर्श नगर, लखनऊ।
-जोसामिनी देवी पत्नी निरंजन मिश्रा निवासी आदर्श नगर, लखनऊ।
-दिनेश कुमार पुत्र रामाधार निवासी सेक्टर 23, संजय नगर, गाजियाबाद।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप