शाम को आरती के बाद मंदिर बंद कर चले गए पुजारी, सुबह पहुंचे तो गायब थी अष्टधातु की मूर्ति
रात में चोरों ने मंदिर के गेट का ताला तोड़कर दिया घटना को अंजाम पुलिस घटना की छानबीन में जुटी।
फतेहपुर, जेएनएन। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पहुर गांव में स्थित श्री ठाकुर बेनी नारायण विराजमान मंदिर से चोर ताला तोड़कर सैकड़ों वर्ष पुरानी अष्टधातु की मूर्ति चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
पहुर गांव में स्थित है मंदिर
पहुर गांव स्थित मंदिर में शुक्रवार सुबह सुबह पूजा करने के लिए मंदिर के पुजारी/सर्वराकार चन्द्रहास दुबे पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर के कपाट के ताले टूटे हुए थे। इसके बाद वह मंदिर के अंदर गए तो श्रीकृष्ण की अष्टधातु की मूर्ति गायब थी। तुरंत उन्होंने आसपास लोगों को सूचना दी। उनका कहना था कि शाम को आरती के बाद मंदिर बंद करके घर चले गए थे। देर रात चोरों ने घटना को अंजाम दिया। मूर्ति चोरी की जानकारी होते ही मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। खबर मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन की। थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़कर मूर्ति बरामद की जाएगी।
2004 में भी हो चुकी है चोरी
इस मंदिर से वर्ष 2004 में राधा जी की मूर्ति चोरी हो चुकी है। हालांकि यह मूर्ति भी तब अष्टधातु की बताई जा रही थी। बाद में मूर्ति खेत से बरामद हुई थी। इस मामले में तीन लोगों को जेल भी भेजा गया था। मूर्ति के टुकड़े का परीक्षण कराया गया था, जो न अष्टधातु की थी और न ही पीतल की।
पुराने मूर्ति चोरों की तैयार हो रही सूची
पुलिस इलाके के पुराने मूर्ति चोरों की सूची तैयार कर रही है। उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है। मूर्ति चोरों का बाहरी कनेक्शन भी खोजा जा रहा है।